पर्स में 29 हजार की थी नकदी, पेन कार्ड
ढखेरवा-निघासन मार्ग पर सक्रिय पॉकेट मार्ग गिरोह ने प्राइवेट बस में सवार हरदोई जिले के पिहानी निवासी जलीस अब्बास की जेब से पर्स निकाल ली और फरार हो गया। पर्स में 29 हजार रुपये, दो पांच-पांच सौ रुपये के सऊदी अरब के नोट, पेन कार्ड व अन्य जरूरी कागजात थे।
पिहानी निवासी जलीस अब्बास ने बताया कि वह लखीमपुर से प्राइवेट बस में सवार होकर परिवार के साथ बेलरायां जा रहा था। बस जब ढखेरवा से चली तो जेब में पर्स रखा था। रकेहटी में सवारियां उतार कर बस चली तो उन्होंने जेब पर हाथ रखा तो देखा पर्स गायब था। उन्होंने बताया कि पर्स में दो हजार और पांच सौ के नोट मिलाकर कुल 29 हजार रुपये थे। इसके अलावा दो पांच-पांच सौ रुपये के सउदी अरब के नोट थे। बता दें कि ढखेरवा और निघासन के बीच लंबे अर्से से पॉकेट मार गिरोह सक्रिय है। गिरोह के सदस्यों वहीं के कुछ लोगों का भी सहयोग रहता है। गिरोह का शिकार हुए लोग अक्सर घटना की सूचना पुलिस को नहीं देते, यदि किसी ने पुलिस को तहरीर दी भी तो पुलिस ठीक ढंग से बात भी नहीं करती। इस वजह से इस मार्ग पर उचक्कों में पुलिस का कतई भय नहीं है।
थाने के सामने महिला की पर्स लूटा
लखीमपुर खीरी। बीएसए दफ्तर में तैनात ऑफीसर कॉलोनी निवासी किरन मेहता रिक्शे से घर जा रहीं थी। शनिवार की शाम बाइक से आए दो युवकों ने महिला थाने के पास रिक्शे के सामने बाइक लगा दी। रिक्शा चालक जैसे ही आगे बढ़ा। बाइक पर बैठे एक युवक ने झपट्टा मारकर पर्स लूट लिया। किरन मेहता ने बताया कि पर्स में ढाई हजार रुपये, एक मोबाइल, पासबुक, आईडी आदि थीं। घटना के सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उचक्के भाग निकले।