पकड़ा गया आरोपी पत्रकार के साथ हुई लूटपाट में था शामिल
मैगलगंज पुलिस ने की रिमांड पर लेने की तैयारी
पत्रकार आनंद मिश्रा के साथ लूटपाट करने वाले एक बदमाश को वाहन चेकिंग के दौरान पड़ोसी जिला हरदोई की बेनीगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास लूटी गई बाइक, नगदी आदि बरामद होने का दावा किया है। मैगलगंज पुलिस ने अब पकड़े गए आरोपी को रिमांड पर लेने की तैयारी शुरू कर दी है।
बता दें कि 14 मई को लिधिआई गांव निवासी पत्रकार आनंद मिश्रा अपने रिश्तेदार कानपुर निवासी प्रसून के साथ जा दवा लेने जा रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग से गांव के लिए मुड़ते ही बाइक पर सवार दो लुटेरों ने असलहों के बल पर उनकी बाइक रोक ली थी और नगदी, चेन, मोबाइल लूट ले गए थे। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज कर ली थी, लेकिन बदमाशों को पकड़ने के कोई प्रयास नहीं किए। जिला हरदोई की बेनीगंज पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान जनपद सीतापुर के थाना मिश्रिख के गांव गुजवापुर निवासी शातिर अपराधी बनवारी पासी को दबोच लिया। पुलिस ने उसके पास से लूटी गई बाइक, नगदी आदि बरामद की है। प्रभारी निरीक्षक बेनीगंज नागेश मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए बदमाश ने पूछताछ में मैगलगंज क्षेत्र में लूट की घटना को अंजाम देने स्वीकार किया है। घटना के दिन उसकी लोकेशन भी सर्विलांस के जरिये मैगलगंज में थी। उन्होंने बताया कि उसके दूसरे साथी विनोद निवासी दुधवा पुरवा मिश्रिख सीतापुर ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। दोनों बदमाशों पर लूट, डकैती समेत 30 से अधिक मुकदमे कई जिलों में दर्ज है। मैगलगंज पुलिस अब दोनों लुटेरों को रिमांड पर लेने की तैयारी शुरू कर दी है।