गांव के बाहर फेंका, मंगलवार को पुलिस ने कराया भर्ती
सोमवार रात बुढनापुर गांव में एक घर के पास घूम रहे युवक को चोर समझ कर कुछ लोगों ने पीटकर अधमरा कर दिया और उसे मृत समझ कर गांव के बाहर डाल दिया। सुबह जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल मे भर्ती कराया। पुलिस की माने तो युवक मानसिक मंदित है। युवक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली के गांव महेवा निवासी 25 वर्षीय ओमकार सोमवार देर रात पड़ोसी गांव बुढनापुर पहुंच गया। बताते हैं एक घर के पास कुछ लोगों ने उसे खड़ा देखा तो चोर समझकर उसे पकड़ लिया और चोर-चोर चिल्लाना शुरू कर दिया। शोरगुल सुनकर कई लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने युवक की पिटाई शुरू कर दी। इस बीच धारदार हथियार लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। इससे अफरातफरी मच गई। युवक को मृत समझकर लोग गांव के बाहर डालकर फरार हो गए। रात भर युवक मरणासन्न हालत मे पड़ा रहा। मंगलवार सुबह किसी ने पुलिस को सूचना दी। चौकी पुलिस ने आसपास पूछताछ की और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चौकी इंचार्ज धर्मेद्र यादव ने बताया कि युवक मानसिक मंदित है। चोर समझ कर कुछ लोगों ने उसे बुरी तरह पीटा है। दो लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। परिवार वाले चाहेंगे तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित के बड़े भाई जगमोहन ने बताया कि मंझला भाई ओंकार पिछले कई वर्षों से मानसिक मंदित है। इधर-उधर टहलता रहता है। बुढनापुर मे रात उसकी जान लेने की कोशिश की गई।