लहबड़ी गांव में गोहत्या का मामला, विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने की बैठक
गोवंशीय पशुओं को दफनाने वाली जगह पर समाधि बनाने का लिया निर्णय
विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं की बैठक शनिवार को जिलामंत्री बृजेश पांडे के आवास पर हुई, जिसकी अध्यक्षता विहिप जिलाध्यक्ष नंद किशोर अग्रवाल ने की। बैठक में लहबड़ी गांव में हुई गोहत्या के आरोपियों के ना पकड़े जाने पर नाराजगी व्यक्त की और जल्द ही लहबड़ी गांव में हिंदू महापंचायत बुलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष नंद किशोर अग्रवाल ने कहा कि लहबड़ी गांव में गोवंशीय पशुओं की हत्या के बाद पुलिस के उच्चाधिकारियों सहित कोतवाली पुलिस और एसडीएम को कुछ लोगों के नामों की सूची भी दी गई थी, लेकिन पुलिस ने अभी तक इसमें से किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया है, जिससे हिंदू समाज में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती है, तो जल्द ही लहबड़ी गांव में हिंदू महापंचायत बुलाई जाएगी और जिस जगह पर गोवंशीय पशुओं को दफनाया गया है, वहां पर समाधि बनवाई जाएगी। इस दौरान आचार्य संजय मिश्रा, शिव नरायण पासवान, अनुज अवस्थी, अनुज तिवारी, पंकज जायसवाल सहित कई लोग मौजूद रहे।