नगर के ओपी कांवेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल परिसर में खड़ी मारुति वैन में मंगलवार की दोपहर गैस रिफलिंग करते वक्त आग लग गई, देखते ही देखते पास में खड़ी दो अन्य स्कूली वैन भी आग की चपेट में आ गईं। इस दौरान स्कूल में पढ़ रहे बच्चों को बमुश्किल पीछे से निकाला गया। हादसे की सूचना मिलते ही सीओ मोहम्मदी अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव ने मौका-मुआयना किया। उन्होंने वैन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इंग्लिश मीडियम स्कूल में बच्चों को लाने और ले जाने के लिए स्कूल प्रबंधनद्वारा मारुति वैन लगाई गई हैं। बताते हैं इनमें अधिकतर गाड़ियां एलपीजी गैस से चलाई जाती हैं। मंगलवार की सुबह बच्चों को लाने के बाद स्कूल की तीन गाड़ियां स्कूल परिसर में ही खड़ी थीं, जिसमें गैस रिफलिंग का काम किया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी दौरान अचानक एक वैन में स्पार्किंग के साथ आग लग गई, इससे वैन जलने लगी। कुछ ही देर में खड़ी दो अन्य स्कूली वैन भी आग की चपेट में आ र्गइं। गाड़ियों को जलते देख स्कूल में अध्यापकों और बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। इस बीच शिक्षकों ने बच्चाें को सकुशल बाहर निकालने के लिए उन्हें पीछे के रास्ते से सभी को उनके घर पहुंचाया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
पुलिस के मुताबिक चालक अशरफ निवासी औरंगाबाद अपनी वैन में गैस रिफलिंग कर रहा था, वहीं पास में ही सत्यपाल निवासी रोशननगर और सर्वांगपुर के विवेक भी पास में खड़ी अपनी वैन में गैस रिफलिंग कर रहे थे, तभी अचानक अशरफ की गाड़ी में स्पार्किंग हुई और वैन में आग लग गई।
स्कूल में 200 बच्चे पढ़ते हैं। इन बच्चों को लाने और ले जाने के लिए स्कूल में जो गाड़ियां लगाई गई हैं, उनमें स्कूल वाहन के मानकों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रहीं हैं। पुलिस का कहना है कि किसी भी गाड़ी पर स्कूल का नाम, व्यावसायिक पंजीकरण आदि नहीं है।
मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे स्कूल वैन में आग लगी। इसकी सूचना तत्काल फायर बिग्रेड को दी गई, लेकिन आग को बुझाने के लिए फायर बिग्रेड की गाड़ी काफी देर से मौके पर पहुंची।
स्कूली वैनों में धड़ल्ले से हो रहा गैस का प्रयोग
नगर तथा क्षेत्र में चल रहे तमाम स्कूलों में बच्चों को लाने ले जाने के लिए संचालित होने वाली वैनों में एलपीजी गैस का जमकर प्रयोग किया जा रहा है। परिवहन और अग्निश्मन विभाग इस तरह नौनिहालों के जीवन से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करता। इस बावत तमाम अभिभावकों ने भी इस तरीके से चलने वाली गाड़ियों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
ओपी कांवेंट के प्रबंधक राजीव गुप्ता का कहना है कि स्कूल अहाते में वैन खड़ी थीं। उन्हें आग लगने की सही वजह नहीं पता है, जिसकी जांच पुलिस और प्रशासन कर रहा है। गैस रिफलिंग की बाबत उनका कहना है कि वह स्कूल से बाहर थे।
सीओ मोहम्मदी अवनीश्वर चंद श्रीवास्तव के अनुसार स्कूल कैंपस में खड़ी वैन में गैस रिफलिंग करते समय आग लगी है, हालांकि इससे कोई जख्मी नहीं हुआ और न ही कोई नुकसान हुआ है। इस मामले में वैन चालक अशरफ, सत्यपाल और विवेक के साथ ही स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल वैन पलटी, तीन बच्चे घायल
मोहम्मदी। मोहम्मदी-पसगवां मार्ग पर बच्चों को लेकर जेबीगंज जा रही एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें सवार तीन बच्चे घायल हो गए। घायलोें को सीएचसी में भर्ती कराया गया हैै।
मोहम्मदी स्थित यूडीसीए स्कूल में पढ़ने के लिए जेबीगंज के बच्चे वैन से आते हैैं। मंगलवार को स्कूल में छुट्टी होने के बाद वैन करीब 14 बच्चों को लेकर जेबीगंज जा रही थी। पसगवां मार्ग पर ग्राम झिंगरीपुरवा के पास वैन की स्टेयरिंग फेल हो गई, जिसके बाद वैन पलट गई। इसमें सवार कक्षा तीन का छात्र ओमी गुप्ता, कक्षा दो का छात्र दिव्यांशु और कक्षा चार का छात्र सचिन घायल हो गया, जिन्हें आनन फानन में सीएचसी में भर्ती कराया गया। अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।