विकास योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर कर रहे थे ठगी
सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर ग्रामीणों से धन उगाही करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ कर पुलिस ने गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एसडीएम के आदेश पर सरगना समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य पीपुल राइट फोरम नाम का संगठन बताते थे। जिसमें ‘हमारे आवास, हमारे अधिकार और साइकिल पंजीकृत सम्मेलन’ के नाम पर क्षेत्र के ग्रामीणों से रुपये लेकर ठगी का शिकार बनाता थे। एसडीएम मंशाराम वर्मा के आदेश पर पुलिस ने मितौली कस्बे में स्थित आरोपियों के कार्यालय में छापा मारा और आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने रसीद बुक लिस्ट के अलावा अन्य सामग्री भी कब्जे में ली है। एसओ रामकुमार यादव ने बताया पकड़े गए गिरोह के गांव सेमरावां गांव निवासी सरगना इंद्रपाल समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि पुलिस ने आरोपी सरगना को गिरफ्तार कर लिया है।