दो मृत और 33 पशु जिंदा मिले, सभी को गोशाला भेजा
सदर कोतवाली की महेवागंज चौकी पुलिस ने भीरा हाईवे स्थित ग्राम बन्नी के पास पशुओं से भरा ट्रक बरामद कर खीरी थाना क्षेत्र के गांव रुद्रपुर निवासी चांद बाबू और उसके साथी छुटकऊ को दबोच लिया, जबकि मुख्य तस्कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रक से 35 पशु बरामद किए हैं। जिसमें दो पशु मृत मिले हैं। पुलिस ने ट्रक सीज कर दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रविवार देर रात घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस को गच्चा देकर ट्रक में सवार लोग मौके से भागने लगे। जिस पर पुलिस ने दौड़ाकर दो लोगों को दबोच लिया। एसएसआई जेपी यादव ने बताया कि ट्रक की तलाशी ली गई तो उसमें भूसे की तरह ठुसे हुए 35 पशु मिले, इनमें से दो मृत थे। मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराया गया है। जीवित पशुओं को सैधरी गोशाला भेजा गया है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ट्रक सीज कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों का चांद बाबू और उसके साथी छुटकऊ का पुलिस ने चालान कर दिया है। पुलिस के मुताबिक तस्कर पशुओं को ट्रक में लादकर बरेली ले जा रहे थे।