थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव में एक युवक का शव संदिग्ध हालात में पेड़ से लटकता मिला। जिसकी शिनाख्त नीमगांव थाना क्षेत्र के गांव रोशननगर निवासी अमित पाल के तौर पर हुई है। वह कई सालों से अपने मामा के घर फत्तेपुर में रहता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फत्तेपुर गांव के बाहर रविवार की सुबह ग्रामीणों ने एक युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ देखा, जिसकी सूचना फत्तेपुर चौकी पुलिस को दी गई। कुछ देर बाद मौके पर पहुंच पुलिस ने शव को पेड से नीचे उतरवाकर उसकी शिनाख्त करवाई, तो गांव के ही निवासी घनश्याम पाल ने उसकी शिनाख्त अपने भांजे 19 वर्षीय अमित पाल पुत्र अर्जुन पाल निवासी रोशननगर थाना नीमगांव के रूप में की है। घनश्याम के मुताबिक मृतक बचपन से ही उनके पास रहता था, जो पिछले कुछ समय से सीतापुर में प्राइवेट नौकरी करने के लिए गया था। मृतक के मामा ने बताया कि मृतक का पिता अर्जुन नशे का आदी है, कुछ समय पहले ही उन्होंने तीन बीघा जमीन बेची थी। शनिवार को मृतक के माता-पिता फत्तेपुर आए थे, तब अमित पाल भी सीतापुर से मिलने के लिए आया था। बताया गया कि अमित ने अपने पिता से जमीन बिक्री से मिले रुपये में हिस्से की मांग की थी। रुपये न दिए जाने से नाराज होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
एसओ रामअवतार यादव ने बताया कि अभी इस मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है। मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा, जिसके मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।