गढ़ी रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी के पास रेलवे पटरी पर मिले विकास कश्यप के शव के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी और मृतक दोनों एक साथ शादी-पार्टियों में वेटर का काम करते थे। दोनों के बीच 850 रुपये के लेनदेन के विवाद में झगड़ा हुआ था। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और पुलिस ने उसका चालान भेजा है।
बता दें कि हाल पता मोहल्ला गोटैयाबाग निवासी 25 वर्षीय विकास कश्यप का लहूलुहान शव रविवार की सुबह गढ़ी रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी के निकट रेलवे पटरी पर पड़ा मिला था। शव के शरीर पर मिले निशान हत्या की ओर इशारा कर रहे थे। वहीं परिवार वालों ने भी दोस्तों पर शक जाहिर करते हुए हत्या का आरोप लगाए थे। मृृतक की मां जयदेवी मूल निवासी अंजनापुर थाना फूलबेहड़ ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गोटैयाबाग मोहल्ला निवासी अन्नू शनिवार की शाम को घर आया था और विकास को बुलाकर ले गया था। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर उसके दोस्तों अन्नू और दिलीप से पूछताछ की तो सारा मामला खुलकर सामने आ गया। कोतवाल गुलाब शंकर पांडेय ने बताया कि मृृतक विकास और उसके दोस्त अन्नू, दिलीप और हर्रा ने शनिवार की शाम को एकसाथ शराब पी थी, जिसके बाद विकास और अन्नू के बीच 850 रुपये के लेनदेन में विवाद हो गया। दोनों के बीच मारपीट हो गई, तो दिलीप और हर्रा ने दोनों को समझाकर शांत करा दिया और अपने घर चले गए। जबकि विकास और अन्नू अपने घर नहीं गए, बल्कि दोनों के बीच फिर मारपीट हो गई। बकौल कोतवाल इस दौरान अन्नू ने विकास को धक्का देकर गिरा दिया। सिर के बल गिरने से पटरियों को जोड़ने वाली चाभी विकास के सिर में धंस गई, जिससे वह अचेत हो गया। इसके बाद आरोपी अन्नू मौके से भाग निकला। रात भर विकास रेलवे ट्रैक पर पड़ा रहा, जिससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण सिर में गंभीर चोट आना बताया गया है। कोतवाल ने बताया कि मामले में गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान भेजा गया है।