थारू गांव देवराही में मिले युवती के शव का मामला
प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान भेजा
थारू क्षेत्र के ग्राम देवराही में युवती का शव मिलने के मामले का पर्दाफाश हो गया है। युवती के प्रेमी शिवलाल ने ही उसकी हत्या की थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसका चालान भेज दिया गया है।
गौरतलब 11 अप्रैल को अमर सिंह की पुत्री चंद्रावती का शव गांव के बाहर एक गेहूं के खेत में पड़ा मिला था। उसकी दस अप्रैल को शादी थी और वह शादी नहीं करना चाहती थी। उसका गांव के ही एक व्यक्ति से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी के एक दिन पूर्व वह घर से गायब हो गई थी और उसका प्रेमी भी गांव से नदारद था। आशंका जताई जा रही थी कि उसकी हत्या की गई है। हत्या किसने की है इस पर संशय बना हुआ था। इसमें प्रेमी पर भी शक था।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के इंतजार था। जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो हत्या की पुष्टि हो गई। इसमें मौत का कारण दम घुटना आया तो पुलिस चौकन्नी हो गई और फिर उसे कामयाबी मिल ही गई। पुलिस को पूरा यकीन हो गया कि लड़की की हत्या उसके प्रेमी ने की है। पुलिस ने बुधवार को सुबह शिवलाल को कोठी तिराहे के पास से प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। शिवलाल के पास से मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक शिवलाल ने बताया की वह युवती से प्रेम करता था और वह शादी किसी और से कर रही थी। इसलिए शादी से एक दिन पहले उसने उसे मिलने के लिए खेत में बुला लिया। यहां दोनो में विवाद हुआ। बाद में उसने लड़की का मुंह और नाक दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह नेेपाल भाग गया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी मो. तौफीक खान ने बताया कि प्रेमी ही उसका कातिल था जिसे जेल भेज दिया गया है।