जिला पंचायत सदस्य उम्मीदवार की मदद न करने के चलते एक दलित परिवार की
पिटाई करने के मामले में ओयल चौकी पुलिस ने बेहजम ब्लाक प्रमुख के पति समेत
सात लोगों के खिलाफ बलवा-मारपीट और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
किया हैै। पीड़ित परिवार ने आरोपियों की दबंगई की हवाला देते हुए जान-माल
का खतरा जताया हैै। इस मामले की विवेचना सीओ सिटी एमपी सिंह करेंगे।
ओयल देहात के मजरा लोनपुरवा निवासी बलवीर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया हैै कि जिला पंचायत सदस्य पद के लिए बेहजम प्रथम से बीना सिंह उम्मीदवार थीं, जिनकी मदद न करने का आरोप लगाते हुए 12 अक्तूबर की देरशाम को आरोपी टीचर्स कॉलोनी निवासी राकेश सिंह और शुभेंद्र सिंह उर्फ भैयाजी ने आधा दर्जन साथियों के साथ उसके घर पर धावा बोल दिया। इसके बाद सभी लोगों ने जातिसूचक गालियां देते हुए घर के सदस्यों को लाठी-डंडों से पीटा और बांके से भी प्रहार किए। इस हमले में बलवीर, रामपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि बीच बचाव करने पर हमलावरों ने सुशीला देवी, सुरेश और शिल्पी को भी मारापीटा। तहरीर के आधार पर पुलिस ने राकेश सिंह, बेहजम ब्लाक प्रमुख नीरू सिंह के पति शुभेंद्र सिंह उर्फ भैयाजी, राधे, रामलाल, संजय, लब्जू के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 452, 323, 324, 504, 506 और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।