नीमगांव थाना क्षेत्र के गांव धुमराडीह में शनिवार की दोपहर बाइक सवार दंपति को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें बाइक पर पीछे बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चालक को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव धुमराडीह में थाना मैलानी की बोझिया निवासी रामनरेश गुप्ता पत्नी 40 वर्षीय रामसुखी देवी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में धुमराडीह गांव में सरकारी नलकूप के सामने गोला-कस्ता मार्ग पर खाली आ रहे ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार रामसुखी देवी नीचे गिर गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पूर्व ब्लाक प्रमुख राजेंद्र सिंह भदौरिया ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर एसओ बृजेंद्र सिंह ने चौकी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। एसओ ने बताया कि रामनरेश गुप्ता की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।