- बिजुआ इलाके में बैंक मैनेजर से मैसेज भेजकर मांगी गई फिरौती
- पुलिस में शिकायत, जांच में ली जा रही सर्विलांस की मदद
इलाके की एक बैंक के शाखा प्रबंधक से अपनी जान बचाने की कीमत चार लाख रुपये मांगी गई है। शाखा प्रबंधक के मोबाइल पर मैसेज भेजकर रंगदारी मांगने का यह पहला मामला है। शाखा प्रबंधक ने पुलिस को सूचना देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
बिजुआ इलाके की एक प्रमुख बैैंक शाखा प्रबंधक के मोबाइल पर धमकी भरा एसएमएस भेजकर चार लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। शाखा प्रबंधक को यह मैसेज दो दिन पहले मिला था। देर शाम को जब वह बैंक के कामों को समाप्त कर रूटीन मैसेज देख रहे थे, तो एक अंजान नंबर से मैसेज देखकर वह ठिठक गए। मैसेज भेजने वाले ने खुद को बड़ा शातिर अपराधी बताते हुए मैनेजर को आगाह करने के अंदाज में लिखा है कि उनके नाम की सुपारी दी जा चुकी है, अगर वह खुद को बचाना चाहते हैं तो उसके बताए स्थान पर आकर मिलें, साथ ही लिखा है कि चार लाख रुपये अगर मैनेजर उसे दे दें तो वह भाड़े पर बुलाए गए शूटर को रोक सकता है। दिन के करीब ढाई बजे आए इस मैसेज को बैंक मैनेजर ने ध्यान नही दिया, इसके बाद आधे घंटे के अंदर करीब पांच मैसेज भेजकर कथित अपराधी ने खुद को इग्नोर करता देखकर धमकी दी कि वह अब उनके परिवार को क्षति पहुंचाएगा, साथ ही आखिरी मैसेज में उसने लिखा कि अब सिम और मोबाइल को तोड़कर फेंक रहा है, पुलिस को चुनौती देते हुए उसने लिखा कि उसे पुलिस तलाश नही पाएगी।
बैंक के मामले से नहीं जुड़ता नजर आया मैसेज
मैसेज में जो भाषा लिखी है वह सीधे जान बचाने की कीमत मांगते हुए रंगदारी को लेकर लिखी है। पुलिस इन सभी मैसेज के प्रिंट आउट लेकर एवं नंबर को ट्रेस करने में जुटी है। भीरा एसओ जितेंद्र यादव पूरे मामले को संवेदनशील मान रहे हैं, पुलिस के मुताबिक कोई स्थानीय शरारती किस्म के शख्स ने ऐसेे हरकत की होगी, लेकिन फिर भी वह इस मामले में सर्विलांस टीम की मदद ले रहे हैं। उम्मीद है एक दो दिन में मामले का खुलासा हो जाएगा।
धमकी मिलने से बैंक स्टाफ समेत मैनेजर सहमे
इस मैैसेज के मिलने पर पूरा बैंक स्टॉफ दहशत में है। शाखा प्रबंधक पूरे घटनाक्रम के बाद से अपने परिवार को लेकर चिंतित है। उन्होंने शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। वहीं, इस मामले की जानकारी दूसरी बैंकों तक पहुंचने पर दूसरी बैंक में भी लोगों में एक डर सा बन गया है।