कोतवाली पुलिस ने ऑटोलिफ्टर गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन बदमाशों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से आठ बाइक बरामद हुई है, जिनमें पांच बाइक चोरी के मुकदमे सदर कोतवाली में दर्ज थे। पुलिस ने तीनों का चालान भेज दिया है। साथ ही पुलिस इस गैंग में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी है, जिनसे कुछ और बाइक बरामद हो सकती हैं।
पुलिस लाइंस सभागार में एसपी मनोज कुमार झा ने बताया कि शहर में आए-दिन हो रही बाइक चोरी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए निर्देश दिए गए थे। लिहाजा कोतवाली पुलिस ने मुखबिरों का जाल फैलाया, जिनकी मदद से आटोलिफ्टर गैंग के कुछ सदस्यों के बारे में अहम जानकारी मिली। प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ला की अगुवाई में रोडवेज चौकी इंचार्ज सूर्यमणि यादव, एलआरपी चौकी इंचार्ज उमेश्वर प्रताप यादव हमराहियों के साथ बुधवार को भंसड़िया क्रासिंग के पास चेकिंग कर रहे थे, जहां पर तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया गया। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने भंसड़िया स्थित बाग की झाड़ियों से आठ बाइक बरामद की हैं। पूछताछ में तीनों अभियुक्तों की पहचान अंकित उर्फ चिंपू निवासी भंसड़िया थाना कोतवाली सदर, संदीप निवासी मोहल्ला सुभाषनगर और विनोद सोनी उर्फ छोटू निवासी बाबूराम सर्राफनगर के तौर पर हुई। कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि अंकित उर्फ चिंपू के खिलाफ पहले से एनआरआई के यहां डकैती समेत चोरी के सात मामले दर्ज हैं। बरामद आठ बाइक में से पांच बाइक चोरी के मामले सदर कोतवाली में दर्ज हैं।
यह बाइक हुई बरामद
इनके कब्जे से शहर के युवराज पैलेस से चोरी हुई यूपी 31 एन 9748, अनुपम नर्सिंग होम से चोरी यूपी 31 एक्स 6681, इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक के बाहर से चोरी यूपी 31 यू 6188, थरवरनगंज से चोरी यूपी 31 एसी 0810, आयुष नर्सिंग होम से चोरी यूपी 31 यू 1130 नंबर की बाइक बरामद हुई हैं। इसके अलावा मितौली से चोरी हुई यूपी 31 एबी 3989, यूपी 31 एस 9945 और यूपी 25 पी 3508 बरामद हुई हैं।