भारत नेपाल सीमा स्थित दुधवा नेशनल पार्क की गौरीफंटा रेंज में अवैध कब्जा हटाने पहुंची वन विभाग की टीम और दुकानदारों में जबरदस्त टकराव हुआ। अतिक्रमणकारियों ने टीम पर ईंट पत्थर चलाए। बचाव में टीम को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। संघर्ष के दौरान गौरीफंटा रेंजर समेत तीन कर्मी चोटिल हो गए। घटना की सूचना पर जब तक वहां पुलिस पहुंचती, बवाली भाग चुके थे। पार्क कर्मियों ने कई फुटपाथियों का सामान जब्त कर लिया है। सीमा पर तनाव के हालत हैं।
गौरीफंटा रेंज स्थित मंडी को लेकर कोर्ट में मामला चल रहा था, जिसमें दुकानदार केस हार गए थे। सुप्रीम कोर्ट ने उनको हटाने के आदेश दे दिए थे। इस जगह को खाली भी करा लिया गया था। कुछ दुकानदार एक मामले के तहत बच गए थे। लेकिन पार्क प्रशासन के मुताबिक वह भी मुकदमा हार चुके हैं। इन दुकानों के आगे अवैध फड़ें भी लग जाती हैं, जिनको समय समय पर हटा दिया जाता है। मंगलवार को मंडी में एक दुकानदार द्वारा पक्का निर्माण कराने की खबर पर गौरीफंटा रेंजर समेत एक टीम दोपहर करीब एक बजे वहां पहुंची और अवैध फड़ों को भी हटाने की चेतावनी जारी कर दी। आरोप है कि इससे फुटपाथ पर फड़ लगाने वाले आक्रोशित हो उठे और कर्मियों से मारपीट पर उतारू हो गए। जब टीम ने दबाव बढ़ाया तो उन्होंने ईंट पत्थर चलाने शुरू कर दिए। टीम ने इसके जवाब में हवाई फायरिंग शुरू कर दी। बाद में पुलिस वहां पहुंची लेकिन कोई बवाली हाथ न आया। मामले में मुकदमा लिखने की तैयारी शुरू कर दी गई है। सूचना पर दुधवा नेशनल पार्क के डिप्टी डायरेक्टर महावीर कौजलगि भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।