दूसरे दिन घायल बेनजीर का हुआ मेडिकल परीक्षण
24 घंटे बाद भी आगे नहीं बढ़ी पुलिस की जांच
सपा कार्यालय (लोहिया भवन) पर राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य डॉ. बेनजीर उमर की पिटाई के मामले में सपा के निघासन विधायक केजी पटेल और जिलाध्यक्ष भी फंस गए हैं। पुलिस ने विधायक, जिलाध्यक्ष समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने घायल डॉ. बेनजीर का बुधवार को मेडिकल परीक्षण कराया, लेकिन पुलिस की जांच अब तक एक कदम आगे नहीं बढ़ सकी है। उधर दूसरे पक्ष की सपा से हरगांव विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी रहीं आरपी चौधरी मेडिकल कराने के लिए नहीं पहुंची।
बतादें कि मंगलवार को सपा कार्यालय (लोहिया भवन) पर जिला कार्यकारिणी की बैठक के दौरान महिला नेताओं में जमकर मारपीट हुई थी। जिसमें राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य सिंगाही निवासी डॉ. बेनजीर घायल हो गईं थी। घायल डॉ. बेनजीर ने निघासन विधायक केजी पटेल, सपा जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल सहित नौ लोगों के खिलाफ मारपीट करने की पुलिस को तहरीर दी थी। उधर सपा नेत्री हरगांव विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी रहीं आरपी चौधरी ने डॉ.बेनजीर पर बैठक में घुसकर मारपीट करने और जातिसूचक शब्द कहने की तहरीर दी थी। मंगलवार की देर रात ही पुलिस ने डॉ. बेनजीर की ओर से विधायक केजी पटेल, जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल सहित नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच जेल गेट चौकी इंचार्ज को सौंपी थी, जबकि आरपी चौधरी की ओर से डॉ. बेनजीर के खिलाफ एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच सीओ सिटी एमपी सिंह को सौैंपी थी। बुधवार को पुलिस ने घायल डॉक्टर बेनजीर का मेडिकल परीक्षण कराया है। सदर कोतवाल एसपी उपाध्याय ने बताया कि दूसरे पक्ष की आरपी चौधरी को मेडिकल परीक्षण कराने के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह नहीं पहुंची, जिससे उनका मेडिकल परीक्षण नहीं हो सका है। मामला सत्ता पक्ष से जुड़ा होने के कारण पुलिस की पुलिस की जांच अभी एक कदम भी आगे नहीं बढ़ सकी है।