- दोनों पक्षों में हुआ समझौता, रोड पर लगी रही भीड़
पलिया-भीरा रोड पर साइड लेते समय अनियंत्रित हुई कार तीन डनलपों में घुसती चली गई। जिसमें से एक डनलप के एक बैल की जहां मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो अन्य डनलपों के भैंसें चुटैल हो गए हैं। दुर्घटना में कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन बाद में आपसी समझौता हो गया था।
पलिया भीरा रोड पर भीरा की तरफ से आ रही अनियंत्रित कार ने दूसरी तरफ से चीनी मिल में गन्ना देकर वापस जा रहे अतरिया के आदिम अली, बड़गांव के सोबरन तथा पतवारा के रामपाल के डनलपों को साइड लेने के चक्कर में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे आदिम अली के बैल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि सोबरन के भैंसे का पैर टूट गया है। रामपाल का डनलप क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से टूट गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी हासिल की। दोनों पक्षों में आपसी समझौता होने के बाद पुलिस ने सभी को जाने दिया। घटना के बाद रोड पर भारी भीड़ जमा हो गई।