घर में सेंध लगाते एक को रंगे हाथों दबोचा
ग्रामीणों ने पिटाई कर पुलिस के हवाले किया
दीवार में सेंध काटते समय आहट पाकर जागे ग्रह स्वामी ने अपने बेटों के साथ मिल कर भाग रहे चोरों के एक साथी को पकड़ लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने उस चोर की जमकर पिटाई कर दी। सुबह होते ही चोर को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी का चालान कर फरार हुए साथियों की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली सदर के शहरुआ गांव निवासी राम सनेही मिश्रा अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे तभी शनिवार बीती रात करीब डेढ़ बजे कुछ चोर उनके घर के पीछे की दीवार काट रहे थे खट-खट की आवाज से राम सनेही जग गए और उन्होंने अपने बेटों को लेकर घर के पीछे टार्च लेकर पहुंच गए। जैसे ही ग्रह स्वामी ने टार्च लगाई देखा तो तीन चोर भागने लगे। इस पर ग्रह स्वामी के बेटों ने दौड़ा लिया और एक चोर को पकड़ लिया। शोर सुनकर इकट्ठा तमाम ग्रामीणों ने पकड़े गए चोर की जमकर पिटाई कर इसकी सूचना पुलिस को दी। रविवार सुबह शहरुआ गांव पहुंची पुलिस ने चोर को हिरासत में लेकर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए चोर ने अपना नाम गफूर पुत्र झब्बू निवासी खरवैहा थाना धौरहरा बताया है साथ ही चोर ने अपने अन्य साथियों के नाम भी कबूले हैं। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। इधर घटना स्थल से चोरों के पास से कुछ बर्तन भी बरामद हुए हैं।