घायल युवक जिला अस्पताल में भर्ती
सदर कोतवाली पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
शारदानगर चौकी क्षेत्र के गांव बड़ागांव में शराब पीकर गाली देने का विरोध करने पर गांव निवासी पप्पू यादव और विवेक शुक्ला के बीच विवाद हो गया। इससे नाराज पप्पू यादव ने तमंचे से विवेक को गोली मार दी। गोली पैर में धंसने से वह घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सदर कोतवाली पुलिस ने घायल के पिता की ओर से आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव बड़ागांव निवासी मिश्रीलाल ने बताया कि सोमवार की शाम गांव का ही पप्पू यादव नशे की हालत में उसके पुत्र विवेक शुक्ला को बेवजह गाली देने लगा। पुत्र ने जब विरोध किया तो दोनों में विवाद बढ़ गया। मौके पर पहुंचे परिवार और आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर दिया और आरोपी पप्पू यादव को पकड़कर उसके घर छोड़ आए। आरोप है कि कुछ देर बाद पप्पू यादव घर से तमंचा लेकर मौके पर आ धमका और फेट से तमंचा निकालकर विवेक को गोली मार दी। गोली उसके पैर में जा धंसी, जिससे वह भगदड़ मच गई और फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। परिवार वालों ने घटना की सूचना चौकी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आरोपी की तलाश की, लेकिन आरोपी का कोई पता नहीं चला। उधर घर वालों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट ने बताया कि घायल युवक के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही है।