फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मरीज के तीमारदारों ने महिला अस्पताल में की तोड़फोड़

Tue, 11 Aug 2015 07:44 PM IST
लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
विज्ञापन
जिला महिला अस्पताल में मंगलवार की अलसुबह करीब चार बजे डिलीवरी के लिए भर्ती महिला के साथ आए तीमारदारों ने आपरेशन की बात सुनकर महिला डॉक्टर से नोकझोंक की और हंगामा करते हुए तोड़फोड़ कर दी। तीमारदारों ने लेबर रूम और ओटी का गेट तोड़ डाला, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान डॉक्टर समेत स्टाफ ने लेबर रूम में छिपकर खुद को महफूज किया और मामले की जानकारी सीएमएस डॉ. मीरा वर्मा को दी। जबकि 100 नंबर पर फोन ही नहीं उठा। महिला चिकित्सक डॉ. मीनाक्षी चौधरी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
विज्ञापन

फूलबेंहड़ क्षेत्र के गांव ककरपिट्टा निवासी इकबाल ने मंगलवार की सुबह चार बजे अपनी पत्नी आयशा बेगम को दूसरे बच्चे की डिलीवरी कराने के लिए भर्ती कराया। साथ में आशा नसीम बानो भी आई थी। डॉ. मीनाक्षी चौधरी ने मरीज की जांच की तो पाया पहली डिलीवरी सीजेरियन थी। दूसरी डिलीवरी को नार्मल तरीके से कराने के लिए प्राइवेट चिकित्सक से कोशिशें कराई गई थीं, जिससे आयशा की तबियत बिगड़ने पर उसे महिला अस्पताल लाया गया। डॉ. मीनाक्षी चौधरी के मुताबिक मरीज की हालत सीरियस थी। सिर में सूजन होने के कारण बच्चा फंसा हुआ था। लिहाजा डॉक्टर ने आपरेशन के लिए महिला के पति इकबाल से सहमति पत्र लिखाने का प्रयास किया, तो वह भड़क गया। आरोप हैै कि इकबाल ने डॉक्टर के हाथ से भर्ती टिकट छीनने का प्रयास किया, जिसके बाद कार्यालय के कई अभिलेख फाड़ दिए। साथ में आए अन्य तीमारदारों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी, जिससे लेबर रूम गेट के शीशे टूट गए। वहीं महिला डॉक्टर के साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्रता की गई। इससे अन्य मरीज और तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टर और स्टाफ के लोगों ने लेबर रूम में छिपकर खुद को महफूज किया और मामले की सूचना 100 नंबर पर देने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं उठा। फिर डॉ मीनाक्षी चौधरी ने जेल गेट चौकी इंचार्ज के नंबर पर कॉल की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद सीएमएस डॉ. मीरा वर्मा को घटना की जानकारी दी गई। इस दौरान डॉक्टरों को बगैर जानकारी दिए आयशा को लेकर तीमारदार अस्पताल से भाग गए।
शहर कोतवाल रंजीत सिंह यादव ने बताया कि महिला अस्पताल में तोड़फोड़ और डॉक्टर के साथ अभद्रता के मामले में कार्रवाई हो रही है। तहरीर के मुताबिक दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
विज्ञापन

होता रहा बवाल पर दोनों होमगार्ड नदारद
महिला अस्पताल में दो होमगार्ड रवींद्र और बसंत रात्रि ड्यूटी पर थे। घटना के समय दोनों होमगार्ड अस्पताल में मौजूद नहीं थे। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लग गया है तो वहीं इस घटना से डॉक्टर और स्टाफ में खौफ है। सीएमएस डॉ. मीरा वर्मा ने इस बावत होमगार्ड कमांडेंट से शिकायत की हैै।
जरूरत पड़ी तो संगठन करेगा आंदोलन
इस मामले को लेकर डॉक्टरों में रोष है। डॉ. मीनाक्षी चौधरी ने बताया कि मामले की सूचना प्रांतीय चिकित्सक सेवा संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. आरएस मधौरिया को दी गई है। वहीं आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है। जरूरत पड़ी तो संगठन के साथ मिलकर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग को लेकर आंदोलन किया जाएगा।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें