लखनऊ में पढ़ रहे छात्र की
संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
परिवार वालों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप
हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बाबरपुर के रहने वाले लखनऊ में पढ़ रहे छात्र का वहां कमरे में लटकता हुआ शव मिला है। परिवार वालों ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम बाबरपुर निवासी श्रवण कुमार वर्मा का 21 वर्षीय पुत्र राहुल वर्मा लखनऊ के मोहल्ला कसैला में राजेंद्र कुमार के मकान में किराए पर रहकर कोचिंग कर रहा था। सात जुलाई की रात में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मकान मालिक ने आठ जुलाई की सुबह बाबरपुर में परिवार वालों को बताया कि राहुल ने कमरे में लगे पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। मकान मालिक ने गाजीपुर थाने में भी इसकी सूचना दी। लखनऊ पुलिस ने हैदराबाद पुलिस के जरिए बाबरपुर गांव में परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। परिवार के लोग जब लखनऊ पहुंचे तो उन्होंने हत्या की आशंका व्यक्त की। उन्होंने साथ पढ़ रहे कुछ दोस्तों पर ही हत्या का अंदेशा जाहिर करते हुए पुलिस में तहरीर दी। इधर शनिवार को राहुल का शव शनिवार को गांव पहुंचा। उसकी दोपहर में अंत्येष्टि कर दी।
रुपयों की खातिर हत्या करने का आरोप
मृतक के पिता श्रवण कुमार वर्मा का कहना है कि राहुल बाइक खरीदना चाहता था जिसके लिए उसे 40 हजार रुपये चाहिए थे। उसके एकाउंट में 15 हजार रुपये जमा करा दिए गए थे, उसे शुक्रवार को बाइक खरीदनी थी। परिवार वालों ने रुपयों की खातिर उसके दोस्तों पर हत्या कर शव लटकाए जाने का आरोप लगाया है।