27 अप्रैल को घर से शौच को निकली थी महिला
पशु नहलाने गए ग्रामीणों ने देखा शव
शौच के लिए घर से निकली गांव जसनगर निवासी जलधारी की 26 वर्षीय पत्नी का शव तीसरे दिन तिकुनियां-खैरटिया रेल लाइन पर स्थित कुंड में भरे पानी में उतराता हुआ बरामद हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव जसनगर के कुछ लोग शनिवार की दोपहर बाद अपने पशुओं को नहलाने के लिए गांव से कुछ दूरी पर बहने वाले कुंड में गए थे। ग्रामीण जब कुंड में घुसे तो उनको एक महिला का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। शव दिखने पर पशु मालिक गांव वापस लौट आए और इसकी जानकारी गांव के लोगों के साथ पुलिस को भी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कुंड से बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त जसनगर निवासी जलधारी की पत्नी पुष्पा के रूप में हुई। शव मिलने की सूचना पर मृतका का पति और परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के पति जलधारी ने बताया कि उसकी ससुराल बेलरायां में हैं। पत्नी के पिता काफी समय से बीमार चल रहे हैं, जिन्हें देखने के लिए पत्नी अक्सर पैदल चली जातीं थी और एक-दो दिन रुकने के बाद वापस लौट आती थीं। 27 अप्रैल की सुबह पत्नी डिब्बा लेकर शौच के लिए गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। उसने सोचा शायद वह अपने पिता को देखने चली गईं होंगी। इसलिए तलाश भी नहीं की। आशंका जताई जा रही है कि पुष्पा कुंड पर शौच के लिए गई होगी और वहीं उसका पैर फिसल गया, जिससे उसकी पानी में डूबकर मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी जयकरन सिंह ने बताया कि महिला की चप्पल, पानी का डिब्बा भी मौके से मिला है। उन्होंने भी पैर फिसलने से पानी में डूबकर मौत होने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।