चेकिंग के दौरान फरधान पुलिस को मिली सफलता
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक डीसीएम से 35 क्विंटल गोमांस बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के पास से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद करने का दावा भी किया है। पुलिस ने आरोपी का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे जेल भेज दिया।
एसओ तपेश्वर सागर ने बताया कि एसपी अखिलेश चौरसिया के आदेश पर वह पुलिस फोर्स के साथ बुधवार की शाम फरधान रेलवे क्रॉसिंग पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एक डीसीएम को रोककर तलाशी ली, तलाशी में 35 क्विंटल गोमांस मिला। इस दौरान संभल जिले के थाना नखासा के गांव खेड़ा निवासी आसिफ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक 12 बोर तमंचा और दो जीवित कारतूस बरामद किए हैं, जबकि इस दौरान गोला गोकर्णनाथ के गांव भुड़वारा निवासी मुन्ना, लाला, कबीर और थाना लहरपुर के नईबस्ती निवासी जलील उर्फ जलीस मौके से भाग निकले। पुलिस ने मांस को परीक्षण के लिए भेजा है। बरामद डीसएम को कब्जे में लेकर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गुरुवार को आरोपी आसिफ का चालान कर पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे जेल भेज दिया।