कस्बे के सिंगारपुर इलाके में हुई वारदात
क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला जारी है। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद है कि दिनदहाड़े भी वह घटनाओं को अंजाम देने में कोई गुरेज नहीं करते। मोबाइल शॉप में हुई चोरी की घटना को 24 घंटे ही बीत पाए थे कि सोमवार को कस्बा स्थित एक घर के मेन दरवाजे का दिनदहाड़े चोरों ने ताला तोड़ दिया और नगदी-जेवर समेत हजारों का माल लेकर भाग निकले। कसबे के सिंगारपुर निवासी अलीमू सब्जी विक्रेता हैं। अलीमू ने बताया की सोमवार को वह पत्नी की दवा लेने शहर गए थे। पुत्र अनस और महरूफ सब्जी की दुकान पर थे। दोपहर मारूफ खाना खाने घर पहुंचा तो गेट से ताला गायब मिला और दरवाजा भी अंदर से बंद था। अनहोनी की आशंका हुई तो उसने दरवाजे को तोड़ दिया। जब वह घर के अंदर पहुंचा तो कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। साथ ही संदूक में रखे जेवर-नगदी भी गायब थे। यह देख उसके होश उड़ गए। इस बीच मोहल्ले के लोग भी इकट्ठा हो गए। सूचना पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना कर वापस लौट गई। अलीमू के मुताबिक चोर घर से 10 हजार रुपये और करीब तीन तोला सोने और चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। तहरीर के बावजूद सदर कोतवाली पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। इलाके में हो रही ताबड़तोड़ चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासी दहशत में है।