दो जगह करंट लगने से तीन पशुओं की मौत हो गई।
निघासन। चखरा गांव में करंट लगने से एक भैंस और पड्डे की मौत हो गई। सूचना के बाद भी बिजली विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
गांव चखरा निवासी जोगेंद्र ने बताया कि उसके घर के सामने बिजली का खंभा लगा हुआ है। शनिवार की सुबह उसके जानवर बंधे थे। अचानक बिजली का तार टूट कर गिरा और करंट लगने से उसकी भैंस और पड्डा मर गया। करीब एक साल पहले भी करंट लगने से उसका भैंसा मर गया था।
गोला गोकर्णनाथ। बाईपास रोड पर बिजली के पोल में लटक रहे तार से करंट लगने से गाय की मौत हो गई। अर्जुननगर कॉलोनी निवासी हजारी ने बताया कि सुबह उसने अपनी गाय को चरने के लिए छोड़ा था। भुसौरिया रोड पर खंभे से लटक रहे तार से चिपक जाने पर गाय की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे विद्युतकर्मियों ने आपूर्ति बंद कराकर तारों को कटवा दिया है। पुलिस और लेखपाल ने मौके का निरीक्षण किया।