डायल-100 सेवा के उद्घाटन मौके पर बोले रियाज अहमद
डायल-100 की शुरुआत मत्स्य एवं सार्वजनिक उद्गम राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और जिले के प्रभारी मंत्री हाजी रियाज अहमद ने पुलिस लाइंस में 20 गाड़ियों को झंडी दिखाकर की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूपी-100 लागू होने से अपराधी या तो अब सींखचों के पीछे होंगे या फिर प्रदेश छोड़कर भाग जाएंगे।
पुलिस लाइंस में हुए समारोह में उन्होंने कहा कि अब हर छोटी-बड़ी घटना में पुलिस 15 से 20 मिनट में पीड़ित के दरवाजे पर पहुंचेगी। इससे अपराध पर अंकुश लगेगा। यह ऐसी योजना है कि जो देश के यूपी को छोड़कर और किसी प्रदेश में नहीं है। सिर्फ दो विकसित देशों में यह योजना चल रही है। डायल-100 जनता की सेवा में 24 घंटे रहेगी। मुख्यमंत्री की इस ड्रीम योजना में लगे पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त भत्ता दिया जा रहा है। इससे पहले डीएम आकाशदीप और एसपी मनोज कुमार झा ने डायल-100 के बारे में लोगों को विस्तार से जानकारी दी। सभा को राज्यसभा सांसद रविप्रकाश वर्मा ने भी संबोधित किया। इस दौरान एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी, सीओ सिटी एमपी सिंह, सीओ गोला निर्मल कुमार विष्ट, सीओ मितौली निष्ठा उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष बंशीधर राज, जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल के अलावा सभी विधायक और कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जनता को ये मिलेगा लाभ
छोटे मामलों को लेकर थाने जाने से मिलेगी निजात, 15 से 20 मिनट में पीड़ित के घर पर पहुंचेगी पुलिस, डायल-100 के पुलिसकर्मी करेंगे अच्छा व्यवहार, मारपीट में लूटपाट, बलात्कार, फर्जी नामजदगी से होगी बचत
पुलिस को मिलेगा फायदा
दो हजार से 25 हजार रुपये तक मिलेगा अतिरिक्त भत्ता, छुट्टी मिलने में भी नहीं आएगी कोई समस्या, 12 घंटे ही करनी पड़ेगी ड्यूटी, घर के नजदीक भी हो सकती है तैनाती
इस तरह काम करेगी डायल-100 पुलिस
एसपी मनोज कुमार झा ने बताया कि डायल-100 में मोबाइल डाटा टर्मिनल और ट्रैकिंग सिस्टम लगा होगा, जो इंटरनेट से जुड़ा रहेगा। 100 नंबर पर सूचना देने वाले का लखनऊ स्थित दफ्तर से पूरी जानकारी उस वाहन के कमांडर की दी जाएगी जो घटनास्थल के नजदीक होगी। वह गाड़ी मौके पर पहुंचकर पीड़ित की मदद करेगी। गाड़ियों में कैमरे समेत कई आधुनिक उपकरण भी मौजूद रहेंगे।
आचार संहिता के डर से तो नहीं दिखा दी गई हरी झंडी!
बहराइच को मिली गाड़ियों को मंगवाकर किया शुभारंभ
टीएन अवस्थी
लखीमपुर खीरी। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही आदर्श चुनाव आचार संहिता इसी हफ्ते लगने की चर्चा अधिकारियों से लेकर नेताओं तक में है। शायद इसलिए शासन की लंबित योजनाओं को जल्द पूरा कराने के लिए जोर दिया जा रहा है। जिले में यूपी डायल 100 योजना की शुरुआत को लेकर निभाई गई औपचारिकता भी इसी की ओर इशारा कर रही है। शासन से जिले कोे मिलने वाली गाड़ियों में अभी देरी है, इसका औपचारिक आगाज बहराइच को मिली गाड़ियों को लाकर किया गया।
समाजवादी एंबुलेंस 108 की तर्ज पर मुख्यमंत्री की ड्रीम प्रोजेक्ट यातायात डायल 100 परियोजना के तहत खीरी जिले को तीसरे चरण में रखा गया था, जिसका शुभारंभ 15 नवंबर 16 को खीरी जिले में होना था। इस ड्रीम प्रोजेक्ट के तरह खीरी जिले को आठ इनोवा और 58 बोलेरो स्वीकृत हुई हैं, लेकिन आधुनिक उपकरण प्रणाली से युक्त यह वाहन अब तक जिले को नहीं मिल पाए हैं। इधर विधानसभा चुनाव फरवरी में होने की अटकले तेजी से लगाई जा रही हैं। संभावना जताई जा रही है कि दिसंबर के आखिरी हफ्ते में आदर्श चुनाव आचार संहिता भी लागू हो सकती है। इसको लेकर प्रदेश में योजनाओं की जल्दबाजी में शुरुआत हो रही है। जिले में डायल-100 योजना की शुरुआत को लेकर खीरी जिले में निभाई गई औपचारिकता भी इसी की ओर इशारा कर रही है। जिले में डायल-100 वाहन नहीं मिले, जिस पर बहराइच से 20 गाड़ियों को मंगाया गया और सपा के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री हाजी रियाज अहमद में भी हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना कर दिया। फजीहत सामने आने के बाद अफसर भी चुप्पी साध गए।
अभी शासन से गाड़िया नहीं मिल पाईं हैं। सात जनवरी को गाड़ियां आने की उम्मीद है। जिले को सातवें फेज में कर दिया गया है। इसके बाद से जिले में डायल-100 पूरी तरह से अस्तित्व में आ जाएगी। पड़ोसी जिले बहराइच को आवंटित हुई गाड़ियों में से 20 गाड़ियों को मंगवाकर यहां योजना का शुभारंभ कराया गया है।
-मनोज कुमार झा, एसपी