श्री धर्मादा समिति गौशाला की जमीन पर किराएदार कबाड़ी ने उत्तरी मुख्य द्वार के सामने दरवाजा बनाकर कब्जा करने की कोशिश की। दो लोगों को प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। साथ ही रखा गया सामान कब्जे में ले लिया।
गौशाला प्रबंधक रामसेवक शुक्ल ने बताया कि गौशाला के उत्तरी गेट पर स्थित एक दुकान कबाड़ी को दी थी। मौका देखकर कबाड़ी ने दुकान की पिछली दीवार तोड़कर दरवाजा बना दिया और खाली पड़ी जमीन पर कबाड़ का सामान रखने लगा। कब्जा हटवाने के लिए गौशाला समिति के प्रबंधक और महामंत्री रामस्वरूप बाजपेयी ने 20 जनवरी को एसडीएम को ज्ञापन भी दिया गया, परन्तु कब्जा नहीं हट सका। इधर कबाड़ी सोमवार को सुबह छह बजे अपने साथियों के साथ आकर खाली पड़ी जमीन पर तार और लोहे के जाल लगाकर कब्जा करने लगा। कब्जा करते देख गौशाला प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने मौके पर जाकर तार और जाल कब्जे में ले लिया। साथ ही दो लोगों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इधर इस बाबत कोतवाल एके उपाध्याय ने बताया कि गौशाला समिति के पदाधिकारियों ने तहरीर दी है, जिसकी जांच की जा रही है।