नीमगांव थाना क्षेत्र के गांव अहिरी में गुरुवार को सरेशाम भाई की लाठी और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर देने के मामले में पुलिस ने मृतक के भाई, उसकी पत्नी और दोनों पुत्रों को नामजद किया है। पुलिस के मुताबिक खेत का रास्ता बंद कर देने पर दोनों भाइयों के बीच विवाद बढ़ा था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दोनों पुत्रों की तलाश की जा रही है।
बता दें कि गुरुवार की देर शाम अहिरी गांव निवासी वीरपाल अपने बरसीम के खेत में गया था। जहां पीछे से उसका छोटा भाई श्यामपाल भी आ गया। दोनों के बीच पहले से चल रहे खेत के विवाद को लेकर पहले कहासुनी हुई। इसके बाद श्यामपाल ने खेत का रास्ता बंद किए जाने पर वीरपाल की लाठी और लोहे की रॉड से बुरी तरह पिटाई कर दी। इससे वीरपाल की मौत हो गई। इस दौरान वहां पहुंची वीरपाल की पत्नी नन्ही देवी भी श्यामपाल के हमले में बुरी तरह जख्मी हो गई। एसओ बृजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मृतक के भाई भगवानदीन की तहरीर पर श्यामपाल, उसकी पत्नी रामगुनी, पुत्र शर्मा उर्फ अनुज और अमित उर्फ छोटू के खिलाफ हत्या और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर दंपति का चालान भेजा गया है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।