पीलीभीत बस्ती नेशनल हाइवे पर निपनियां और शहाबुद्दीनपुर के बीच सीओ की जीप की टक्कर से बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा बाइक गड्डों में गिरने से चार अन्य लोग भी घायल हो गए।
जिला पीलीभीत के पूरनपुर सर्किल में तैनात सीओ राजेश्वर सिंह सोमवार को जीप से लखनऊ जा रहे थे। लखीमपुर रोड स्थित निपनियां और शहाबुद्दीनपुर के बीच सड़क में काफी दिनों से गहरे गड्ढे बने हुए हैं। गड्ढों में पानी भरा होने के कारण सीओ की जीप उसमें जा गिरी और अनियंत्रित हो गई। इससे कुनैठिया निवासी 30 वर्षीय नबाज अली, और 55 वर्षीय अमरचंद जीप की चपेट में आकर घायल हो गए। इसके अलावा गड्ढों में अनियंत्रित होकर दूसरी बाइक पर सवार 30 वर्षीय तारुन और उनकी पत्नी नाजिमा गिरकर घायल हो गए। तीसरी बाइक पर सवार शब्बन और वकीलन भी सड़क पर गिर गए। अनियंत्रित सीओ की जीप खाई में जा घुसी। पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेज दिया। इन गड्ढों में आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। विभागीय अधिकारी इधर ध्यान नहीं दे रहे हैं।