कार से घर जाते समय बलरामपुर के पास हुई दुर्घटना
बाढ़ खंड में तैनात वरिष्ठ सहायक लिपिक 32 वर्षीय अनुराग तिवारी की गुरुवार की रात सड़क हादसे में मौत हो गई। वह गुरुवार को अपने साथी कर्मचारी के साथ कार में सवार होकर शारदानगर से बलरामपुर जा रहे थे। लिपिक की मौत की सूचना मिलते ही साथियों में शोक की लहर दौड़ गई। बाढ़ खंड शारदानगर में वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात अनुराग तिवारी बलरामपुर जिले के रहने वाले हैं। वह गुरुवार को अपने विभाग के ही वरिष्ठ लिपिक इंद्रदेव पांडेय के साथ शारदानगर कार्यालय से कार में सवार होकर बलरामपुर जा रहे थे। शाम करीब आठ बजे कार बलरामपुर से पहले हरिहरपुर गांव के पास सामने से आ रही बोलेरो गाड़ी से टकरा गई, जिसमें कार चला रहे इंद्रदेव पांडेय और अनुराग तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने दोनों को लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शुक्रवार की सुबह अनुराग की मौत हो गई। मौत की खबर जब शारदानगर पहुंची तो उनके साथी कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। अनुराग की शादी दो वर्ष पहले हुई थी, उनके दो माह की एक बच्ची है।