छह के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में केस दर्ज
थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव लूकेपारा निवासी 60 वर्षीय बंशी का शव लूकेपारा मोड़ के पास चकरोड किनारे पड़े होने से सनसनी फैल गई। वह बुधवार की शाम से गायब थे। सिर और गर्दन पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने मृतक के दामाद की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ, बलवा, हत्या और हत्या कर शव छुपाने सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना खीरी के गांव शंकरपुर निवासी रमेश कुमार ने बताया कि उनके ससुर बंशी की तीन पुत्रियां थीं। तीनों पुत्रियों की शादी हो चुकी है। शादी के बाद से ही वह अपनी ससुराल में रहता था। ससुर ने अपनी सारी जमीन तीनों पुत्रियों के नाम करा दी है। इससे परिवार के लोग रंजिश मानते हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार की शाम से ससुर गायब थे। काफी तलाश की गई, लेकिन कोई पता नहीं चला। गुरुवार की सुबह करीब आठ बजे ससुर का शव लूकेपारा मोड़ के पास चकरोड पर पड़ा देखा गया। शव पड़े होने की सूचना पर भीड़ जुट गई। सूचना पर रमेश और अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। रमेश के मुताबिक ससुर के सिर और गर्दन पर चोट के निशान थे। उसने परिवार के ही मोहन, मुंशी, वीरेंद्र, जगदीश, नीरज सहित छह लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। एसओ आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता चलेगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।