गांव पुरैना में एक वृद्ध महिला के घर धावा बोलकर बदमाशों ने पांच हजार रुपये लूट लिए और कुंडल भी नोच ले गए। विरोध करने पर उसकी जमकर पिटाई की। घायल अवस्था में उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत खराब होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
गांव पुरैना निवासी 60 वर्षीय छोटकन्नी पत्नी बाबूराम का घर गांव के बीच में स्थित है। रविवार की रात एक बजे नकाबपोश तीन बदमाश घर की कच्ची दीवार फांदकर घर में घुस आए और सो रही छोटकन्नी को जगाया। जब वह जग गई तो घर की तलाशी शुरू की। घर में रखे पांच हजार नकद और कुंडल नोंच लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट से छोटकन्नी की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल अवस्था में उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। एसओ परशुराम ओझा ने बताया कि मामले की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।