पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर गोला और खुटार के बीच स्थित महुरैना वन निगम डिपो के पास बुधवार रात जाइलो कार के पेड़ से टकराने से चार लोगों की मौत हो गई। कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वे आपस में दोस्त थे और कमीशन पर धान खरीदते थे। चौथा व्यक्ति कोई राहगीर माना जा रहा है, उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। तीनों दोस्त व्यापार के संबंध में पलियाकलां गए थे। इनमें से दो रिछा (बरेली) के और एक बीसलपुर (पीलीभीत) का था। टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए और दूर जाकर गिरे इंजन में आग भी लग गई।
मृतकों की शिनाख्त रिछा (बरेली) निवासी 22 वर्षीय उवैस, 35 वर्षीय इसरार और बीसलपुर (पीलीभीत) के गांव ग्यासपुर निवासी 40 वर्षीय इरशाद के रूप में की गई है। इसरार ड्राइवर रहा है और वह उन दोनों के साथ व्यापार में शामिल हो गया था। घटना के वक्त वह ही कार चला रहा था। परिवार वालों ने बताया कि बुधवार की सुबह लगभग नौ बजे रिछा से पलियाकलां जाने की बात कहकर निकले थे। वे खुटार-गोला मार्ग पर कैसे पहुंचे गए, यह कोई नहीं बता सका। चौथे मृतक की उम्र करीब 60 वर्ष है और वह पुलिस को मौके पर खून से लथपथ मिला था। उसे पुलिस ने 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
हल्का दरोगा ने बताया कि तीनों मृतकों के शवों को संसारपुर चौकी भिजवाने के बाद मौके पर मिले एक मोबाइल से मृतकों के घरवालों को दुर्घटना की सूचना दी गई थी।
डेंजर जोन पर तेज रफ्तार जाइलो हुई दुर्घटनाग्रस्त
मैलानी/संसारपुर। पीलीभीत बस्ती हाईवे पर थाना मैलानी क्षेत्र के टेढ़वा पुल के पास का डेंजर जोन तेज रफ्तार जाइलो कार सवारों के लिए काल बन गया। मौके के हालात बता रहे हैं कि जाइलों कार तेज रफ्तार थी, जिस पेड़ से वह टकराई उसकी कई फुट तक छाल का पता नहीं चला। गाड़ी के परखचे इस कदर उड़ गए जैसे उसे काफी ऊंचाई से फेंका गया हो। सड़क के दाहिने तरफ पेड़ से जाकर टकराई जाइलो का इंजन दूर जाकर गिरा और और उसमें आग लग गई तो खिड़की का दरवाजा बायीं तरफ सड़क के दूसरी ओर जा गिरा। गाड़ी के भीतर पुलिस को शराब और बीयर की खाली बोतल भी मिली हैं। पुलिस का अनुमान है कि कार सवार तीनों लोग नशे में थे। हल्का दरोगा पुनीत सिंह ने बताया कि इस स्थान पर अक्सर दुर्घटनाएं होती हो जाती हैं।
जिन लोगों की हुई मौत
उवैश (22) पुत्र अब्दुल हमीद, रिछा थाना देवरनिया जिला बरेली, इसरार (35) पुत्र मुख्तियार, रिछा थाना देवरनिया जिला बरेली, इरशाद (40) पुत्र सुमेर, ग्यासपुर थाना बीसलपुर जिला पीलीभीत
गहरे सदमे में हैं मृतकों के घरवाले
मैलानी। खुटार-गोला रोड पर जाइलो सवार तीन लोगों की दुर्घटना में हुई मौत के बाद मृतकों के घरवाले गहरे सदमे में हैं। दुर्घटना की खबर पाकर मृतकों के घरवाले अलसुबह करीब चार-पांच बजे यहां पहुंचे और शवों की शिनाख्त की। गाड़ी चला रहे इसरार के बुजुर्ग पिता मुख्तार ने बताया कि इस घटना से उन्हें गहरा सदमा लगा है। उनके साथ इसरार के चाचा वकार भी यहां आए थे। मृतक उवैस के भाई जुबैर ने बताया कि तीन साल पहले ही उवैस ने लव मैरिज की थी, उसके एक करीब दो साल का मासूम बेटा है। इरशाद के भाई गुलाम फरीद ने बताया इरशाद घर से धान खरीदने के लिए पलिया जाने की बात कहकर गया था। बुधवार रात आठ बजे फोन पर बात भी हुई थी। उसके बाद कोई संपर्क नहीं हुआ और उनके मरने की खबर पुलिस से मिली। उसकी मौत पर सभी घरवाले बेहद दु:खी हैं। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कहीं खुटार इलाके का तो नहीं है अज्ञात
संसारपुर। दुर्घटनाग्रस्त जाइलो कार में चौथे मृतक की भले ही शिनाख्त नहीं हुई है, लेकिन हालात उसके खुटार अथवा कहीं अन्यत्र का निवासी होने के बयां कर रहे हैं। हल्का दरोगा की माने तो उन्होंने गुरुवार को आसपास के 15 गांवों में उसके बारे में खबर कराई, लेकिन कहीं कोई लापता नहीं मिला। उन्होंने बताया कि 60 वर्षीय अज्ञात ने दो शर्ट पहन रखीं थीं। अंदर सफेद रंग की, जबकि उसके ऊपर काले रंग की। उसकी पैंट गहरे रंग की थी। देखने से मजदूर पेशा हिंदू धर्म का लग रहा है। चूंकि उसकी लाश दूर सड़क पर पड़ी थी, इसलिए पैदल यात्री लग रहा है। साथ ही पुलिस ने संभावना जताई है कि हो सकता है वह खुटार अथवा अन्यत्र कहीं का हो और किसी ढाबे अथवा चौराहे से कार सवारों से लिफ्ट मांगकर सवार हो गया हो। क्योंकि यदि पड़ोस के गांवों का होता तो शिनाख्त हो जाती।