दुकान की छत पर पड़ी टिन काट कर दिया चोरी को अंजाम
संपूर्णानगर रोड पर शनिवार रात चोरों ने एक बियर शॉप को निशाना बनाते हुए छत की टिन काटकर लगभग दो लाख रुपये की बियर पर हाथ साफ कर दिया। इससे पहले भी इसी दुकान को चोर तीन बार निशाना बना चुके हैं तथा चोरियों की वारदात को अंजाम दे चुके है। घटना की जानकारी होने पर दुकान स्वामी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिस पर चौकी पुलिस ने पहुंचकर मौका मुआयना किया।
संपूर्णानगर रोड पर अनिल जायसवाल की बियर शॉप के छत की टिन काटकर चोर अंदर घुस गए और लगभग दो लाख रुपये की बियर पर हाथ साफ कर फरार हो गए। बीती रात हुई चोरी की जानकारी रविवार सुबह दुकान स्वामी को हुई, जिसपर उसने पुलिस को सूचना दी। एसआई राजेश कुमार सिंह ने मौका मुआयना किया। चोर इससे पहले भी इसी दुकान को तीन बार निशाना बनाकर लाखों रुपये की बियर पार कर चुके हैं। लगातार चौथी बार एक ही दुकान में हुई चोरी से पुलिस की गश्त पर भी निशान लगने लगे हैं। बता दें कि घटनास्थल से सीओ आफिस चंद कदम दूर है। हालांकि पुलिस इस चोरी को संदिग्ध रूप में देख रही है और उसकी माने तो चोरी में किसी अपने का हाथ है। इधर दुकान स्वामी ने पुलिस से चोरी की खुलासे की मांग की है। जानकारी होने पर नगर व्यापार मंडल महामंत्री चांद कुमार जैन, मुन्ना चौधरी, राकेश गुप्ता, विजय महेंद्रा, बबलू जायसवाल, अनिल जायसवाल, अनूप गुप्ता भी पहुंचे और पुलिस से चोरी के खुलासे की मांग की।