सीसीटीवी कैमरे तोड़ हार्ड डिस्क और एलसीडी लेकर भागे
पसगवां थाने के बरवर स्थित पेट्रोल पंप पर हुई लूट
एसपी और एएसपी ने किया मौका मुआयना
खुलासे के लिए कई टीमें लगाई गईं
कस्बा बरवर में बुधवार को दो बाइक से आए आधा दर्जन बदमाशों ने असलहे के बल पर मुनीमों और सेल्समैन से 1.12 लाख रुपये लूूट लिए। बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और भागते समय सीसीटीवी रिकार्डिंग की हार्ड डिस्क एवं एलसीडी भी लूट ले गए। दिनदहाड़े हुई वारदात से लोगों में दहशत है। एसपी अखिलेश चौरसिया और एएसपी एपी सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पेट्रोल पंप के कर्मचारियों से घटना के बारे में जानकारी ली। घटना के खुलासे के लिए एसओ मोहम्मदी और एसओ पसगवां के अलावा स्वाट, क्राइम ब्रांच को लगाया गया है।
बरवर स्थित चंद्राणी फिलिंग स्टेशन पर बुधवार को दो मुनीम अजय वर्मा और रामकिशोर सिंह के अलावा तीन सेल्समैन सुरेंद्र, पप्पू और अशोक कुमार ड्यूटी पर थे। दोपहर करीब पौने दो बजे दो बाइक से छह बदमाश आए, फिर बाहर खड़े तीन सेल्समैन और एक मुनीम को असलहों के बल पर केबिन में ले गए। केबिन में पहुंचते ही बदमाशों ने धमकाते हुए लूटपाट शुरू कर दी और डीजल-पेट्रोल की बिक्री कर रखे गए 1.12 लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाशों ने पांचों कर्मचारियों से उनके मोबाइल छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने कर्मचारियों को केबिन में बंद कर दिया। बदमाशों के भागने के बाद पीड़ित कर्मचारियों ने मामले की सूचना पंप मालिक भूपेंद्र वर्मा निवासी लखीमपुर और पुलिस को दी। सूचना पाकर एसओ अनिल शाही और सीओ रामशंकर घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों मुनीम को अपने साथ थाने ले गए, जहां घटना की बावत पूछताछ की। कुछ देर बाद एसपी अखिलेश चौरसिया और एएसपी एपी सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी लेते हुए जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
मोहम्मदी की ओर से आए थे बदमाश
बाइक सवार बदमाश मोहम्मदी की ओर से आए थे। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश जहानीखेड़ा की ओर भाग गए। इसलिए पुलिस को शक है कि वारदात में शामिल बदमाश हरदोई जिले के भी हो सकते हैैं।
वारदात के समय नहीं था कोई ग्राहक
खास बात यह है कि घटना के दौरान जब बदमाश पेट्रोल पंप पर पहुंचे, तो उस समय वहां कोई ग्राहक नहीं था। लिहाजा बदमाशों ने आराम से वारदात को अंजाम दिया।
करीब 1.12 लाख की लूट होने की जानकारी मिली है। मुनीम के पास 60 हजार की नकदी थी, शेष रकम सेल्समैन से लूटी गई है। घटना के खुलासे के लिए कई टीमेें लगाई गई हैं।
-अखिलेश चौरसिया, एसपी