लोग न पकड़ते तो मार ही डालता, अंगुली चबाई, आंखें की जख्मी
बचाने का प्रयास करने पर पिता को भी पीटा
पिता की ओर से बेटे के खिलाफ केस दर्ज, गिरफ्तार
कोतवाली क्षेत्र के गांव परौरी गांव में एक युवक ने रात में सो रही अपनी बड़ी बहन पर हमला कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया। बेटी को बचाने आए पिता को भी उसने मारकर धक्का दे दिया। शोर होने पर आसपास के लोग वहां जमा हो गए, तब कहीं जाकर उसे दबोचा जा सका। घायल बहन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। युवक के मानसिक रोगी होने की संभावना जताई जा रही है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कातिलाना हमले की रिपोर्ट दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
पिता कांशीराम कश्यप ने बताया कि उनके एक पुत्र और चार पुत्रियां हैं। तीन पुत्रियों की शादी हो चुकी है। 27 वर्षीय पुत्री कन्या देवी अविवाहित है। वह उनके साथ ही रहती है। मंगलवार की रात पुत्री उनके पास सो रही थी। रात करीब 12 बजे पुत्र बदलू कमरे में आया और बहन कन्या देवी की पिटाई शुरू कर दी। वह जब तक उसे बचाते, उसने बेटी को पीट-पीटकर बेदम कर दिया। बचाव करते समय उसने कन्या देवी की एक अंगुली दांतों से चबा डाली और उसकी अपनी आखों में अंगुलियां डालकर जख्मी कर दिया। बचाने के प्रयास पर उन पर हमला किया। पड़ोसियों के आने पर किसी तरह उसे कब्जे में किया गया। घटना के बाद से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर रात में ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तड़प रही कन्या देवी को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाल राम जी चौधरी ने बताया कि मामले की जांच चौकी इंचार्ज कफारा अनिल पांडेय को सौंपी गई है।
पहले भी कर चुका है मारपीट
युवक की हरकतें देखकर दिमागी हालत कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है। लेकिन पिता कांशीराम का कहना है कि उसका कहीं इलाज नहीं चल रहा है। वह इसे ऊपरी साया बता रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह पहले भी घर में मारपीट कर चुका है, लेकिन उसकी ऐसी हालत पहली बार हुई।
कई नेत्र विशेषज्ञ फिर भी इलाज नहीं
लखीमपुर खीरी। जख्मी आंखें लिए कन्या देवी दिनभर जिला अस्पताल में कराहती रही, लेकिन उसकी इलाज नहीं हो सका। वजह थी नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ आरसी अग्रवाल और डॉ पूनम वर्मा का छुट्टी पर होना। हालांकि सीएमओ डॉ जावेद अहमद और जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ मनोज कुमार भी नेत्र सर्जन हैं, फिर भी कन्या देवी की आंखों को इलाज नहीं हो सका। उधर इस बाबत सीएमओ डॉ जावेद अहमद का कहना है कि उन्हें ऐसे किसी मरीज की जानकारी नहीं है, क्योंकि वह पूरी दिन मीटिंग में व्यस्त रहे, जबकि सीएमएस डॉ मनोज कुमार ने कहा कि आंख के किसी गंभीर मरीज के भर्ती होने की जानकारी नहीं है, क्योंकि वह सरकारी कार्यों से अस्पताल से बाहर रहे। प्राथमिक तौर पर कन्या देवी को देखने वाले इमरजेंसी मेडिकल आफिसर डॉ. रोहित तिवारी ने बताया कि कन्या देवी कार्निया और रेटीना सुरक्षित है। आगे की स्थिति नेत्र विशेषज्ञ के देखने के बाद पता चलेगी।
पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी भाई के खिलाफ अंगुली चबाने और हत्या के प्रयास करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। लड़की की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
-मनोज कुमार झा, एसपी