बाइक से लखीमपुर दवा लेने जा रहे कस्बे के दो युवकों से नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर आठ हजार नकद और तीन मोबाइल लूट लिए। घटना ढखेरवा चौकी से चंद कदमों की दूरी पर होने के बावजूद पुलिस लूट की घटना को जानकर भी अंजान बनी हुई है।
कस्बे में कबाड़ का काम करने वाले बरकत अली के दो पुत्र अफसर अली और शब्बू लखीमपुर स्थित डॉ. एसपी वर्मा के यहां तड़के चार बजे बाइक से दवा लेने जा रहे थे। निघासन ढखेरवा मार्ग पर शारदा नहर पर बने पुल से पहले एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश आए और उन दोनों के आगे बाइक लगा दी । बाइक से दो बदमाश उतर आए। अफसर और शब्बू पर तमंचा तानते हुए आठ हजार रुपये और मोबाइल लूटकर बदमाश फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद दोनों ने शोर मचाया, लेकिन वहां कोई नहीं आया। चौकी से चंद कदमों पर हुई घटना से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है। ढखेरवा चौकी इंचार्ज रामखिलाड़ी यादव ने बताया कि तीन बजे तक गश्त करने के बाद सभी लोग चले आए थे, लूट की घटना की जानकारी नहीं है। उधर पीड़ित युवकों ने चौकी में लूट की सूचना दी है।