थैले में थे 3.10 लाख रुपये नकद और 70 हजार रुपये की ज्वैलरी
बेखौफ बदमाश दिनदहाड़े बाइक पर सवार मोहल्ला हिदायतनगर निवासी जीनत किरमानी के हाथ से थैला लूटकर भाग निकले। थैले में 3.10 हजार की नकदी और करीब 70 हजार रुपये की ज्वैलरी थी। वह अपने पुत्र की बाइक से थरवरनगंज की बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा से घर जा रहे थे। दिनदहाड़े हुई वारदात से शहर में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे एसपी ने घटनास्थल का मुआयना कर पीड़ित से घटना की जानकारी ली।
मोहल्ला हिदायतनगर निवासी तय्यब किरमानी ने बताया कि वह दिल्ली में सिविल डिफेंस में कार्यरत हैं। उन्होंने दिल्ली में ही एक फ्लैट खरीदा था। बुधवार को फ्लैट का भुगतान करने के लिए वह अपनी मां जीनत किरमानी के साथ थरवरनगंज स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा पहुंचे और घर में रखी करीब 70 हजार रुपये की ज्वैलरी भी बेचने के लिए साथ ले गए लेकिन कागज घर पर रह जाने के कारण कुछ ज्वैलरी नहीं बिक सकी। बैंक से 3.10 लाख रुपये निकालकर उन्होंने ज्वैलरी के साथ रुपये थैले में रख लिए और बाइक पर मां जीनत किरमानी को बैठाकर घर जाने के लिए चले। हिदायतनगर स्थित एक अस्पताल के पास पीछे से बाइक से आए दो युवकों ने उनकी बाइक ओवरटेक की और पीछे बैठे बदमाश ने उनकी मां के हाथ से थैला छीन लिया और भाग निकले। जिस पर उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी और शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे। दिनदहाड़े हुए लूट की सूचना से पुलिस में भी हड़कंप मच गया। एसपी अखिलेश चौरसिया, एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी, सीओ सिटी एमपी सिंह, सदर कोतवाल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग अभियान भी चलाया, लेकिन बदमाशों अता-पता नहीं चल सका। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एसपी ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज
एसपी अखिलेश चौरसिया, एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी, सीओ सिटी एमपी सिंह के साथ बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा पहुंचे। उन्होंने वहां लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में लुटेरों की तस्वीर तो साफ नहीं कैद हुई, लेकिन पीड़ित ने उनके कपड़े देखकर उनकी पहचान की। इसके बाद पुलिस हिदायतनगर स्थित एक अस्पताल पहुंची। जहां पर भी उन्हीं दोनों युवकों की तस्वीर सीसीटीवी फुटेज में बाइक समेत भागते हुए मिली। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बैंक से पीछे लगे थे लुटेरे
पीड़ित तय्यब किरमानी ने बताया कि दोनों लुटेरे नई उम्र के थे। जब वह मां के साथ बैंक से नीचे उतरे तो घटना में शामिल एक लुटेरा सीढ़ियों के पास किसी से बात कर रहा था, जबकि दूसरा सड़क पर खड़ी बाइक पर बैठा हुआ था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि लुटेरे उनकी बैंक से ही रेकी कर रहे थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से लुटेरों की पहचान कराने की कोशिश में जुट गई है।
घटना के खुलासे के लिए सीओ सिटी एमपी सिंह के नेतृत्व में टीमें गठित की गई हैं। क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम को भी लगाया गया है। शीघ्र ही आरोपियों की पहचान कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
-अखिलेश चौरसिया, एसपी