थाना क्षेत्र खीरी में बुधवार को मोटर साइकिल अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई, जिससे एक वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली सदर के ग्राम छाउछ निवासी 70 वर्षीय सूबेदार सिंह बुधवार को किसी काम से लहरपुर गए थे। बाइक से वापस आते समय खीरी थाना क्षेत्र में ग्राम मल्हपुर क्रेशर मोड़ के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और उनके परिवार वालों को दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ा
लखीमपुर खीरी। थाना क्षेत्र नीमगांव में दो दिन पूर्व सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना नीमगांव क्षेत्र के ग्राम बसारा निवासी रामनरेश का 35 वर्षीय पुत्र घनश्याम सोमवार को बाइक से जा रहा था तभी ग्राम गौरिया और लहसोरिया के बीच उसकी बाइक बोलेरो की चपेट में आ गई थी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ भेज दिया गया। इसके बाद ट्रामा सेंटर से उसे फिर जिला अस्पताल लखीमपुर भेज दिया गया। यहां मंगलवार की रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सड़क दुर्घटना में दो घायल
गोला गोकर्णनाथ। हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव चांदामऊ निवासी रामकुमार गनमैन की नौकरी करता है। वह ड्यूटी कर पुत्री पूजा (15) और बहू चांदनी (28) पत्नी जितेंद्र के साथ बाइक से घर जा रहा था। रास्ते के कोटवारा जंगल में सामने से तेज गति से आ रहे बालू भरे ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराकर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे चांदनी और पूजा गंभीर घायल हो गईं। घायलावस्था में दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चांदनी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोटवारा रोड पर दिन भर बालू का अवैध खनन होता रहता है। इस गोरखधंधे में शामिल ट्रैक्टर ट्रॉलियों के चालक तेज गति से वाहनों को चलाते हैं। रास्ते पर निकलने वाले लोगों को साइड भी नहीं देते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।