सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दबंगों ने एक
महिला को हंसिया मार दी, वहीं दोपहर में मोहल्ले के ही एक युवक ने दूसरे
युवक का ब्लेड से गला काट दिया। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एलआरपी
चौकी क्षेत्र के पिपरिया बाईपास निवासी रामगोपाल वर्मा के मुताबिक
शुक्रवार की दोपहर उनका पुत्र संजोग वर्मा अपने प्लाट पर खड़ा था, तभी पीछे
से आकर मोहल्ले के ही एक युवक ने ब्लेड से उसका गला रेत दिया, जिससे संजोग
लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। उसे बेहोशी की हालत में देखकर परिवारीजनों ने
आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसके गले पर टांके
लगाए गए।
घरवालों का कहना है कि आरोपी युवक का डेढ़ माह पहले चौपहिया वाहन
से एक्सीडेंट हो गया था, जिसमें उसका पैर टूट गया था। उसका आरोप था कि
संजोग ने ही उसे टक्कर मारी थी। वहीं इसी चौकी क्षेत्र के गांव तेंदुआ
निवासी लल्लूूराम की पत्नी जसवंती को किसी विवाद के चलते गांव के ही एक
ग्रामीण ने सिर पर हंसिया मार दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर
पड़ी। बाद में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चौकी इंचार्ज जनार्दन
सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ
कार्रवाई की जा रही है।