विवाहिता के पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
पति समेत तीन के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज
गांव लोधपुरवा निवासी इंद्रपाल की पत्नी 20 वर्षीय पुष्पा देवी की संदिग्ध हालात में उसके घर पर ही मौत हो गई। युवती के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को पीट-पीटकर मार डालने का आरोप लगाया है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। सभी आरोपी फरार हैं। जिला मुख्यालय पर देरी से शव आने के कारण गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।
पलिया कोतवाली के गांव नौगवां निवासी रामासरे ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री पुष्पा देवी की शादी फरवरी 16 को गांव खैरहना के मजरा लोधपुरवा निवासी इंद्रपाल के साथ की थी। दहेज में 25 हजार रुपये, भैंस और एलसीडी की ससुराल वाले मांग कर रहे थे। मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर उसकी पुत्री को मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि मंगलवार की देर रात उसकी पुत्री की जमकर पिटाई की, जिससे पुत्री की मौत हो गई। मृतका के पिता रामासरे ने बताया देर शाम उसके दामाद इंद्रपाल ने मोबाइल पर फोन करके खबर दी कि उसकी पुत्री पुष्पा की करंट लगने से मौत हो गई है। सूचना पर जब मायके वाले वहां पहुंचे तो शव जमीन पर पड़ा था, जबकि ससुरालीजन फरार हो गए थे। पुत्री के गले, पैर, पीठ व जांघ आदि पर भी चोटों के निशान थे। उसने दहेज को लेकर हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी। कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्रा ने भी शरीर पर चोटों के निशान की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति इंद्रपाल, ससुर निहालचंद्र और सास छोटीदेवी के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली।