रात्रि गश्त के दौरान कोतवाली पुलिस ने ऑटोलिफ्टर गैंग को पकड़ने में सफलता हासिल की है, चार लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से तमंचे और लूट की छह बाइक बरामद की गई हैं।
कोतवाल चंद्रभान सिंह ने बताया कि एसपी के निर्देशन में वह एसआई शंखधर भट्ट, संजीव दुबे, शैलेंद्र सिंह, आशुतोष त्रिपाठी और सिपाहियों साथ सोमवार की रात्रि को गश्त के दौरान वांछित अपराधियों की तलाश में निकले थे। मुखबिर की सूचना पर लखीमपुर रोड स्थित जलालपुर मोड़ के पास रात 11.30 बजे पहुंचे तो वहां पर पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायर करना शुरू कर दिए। पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जबकि तीन बदमाश भागने में सफल रहे। पूछताछ में बदमाशों ने अपना नाम शीबू निवासी पश्चिमी दीक्षिताना गोला, इरफान निवासी राजेंद्रनगर गोला, मंजेश मौर्या निवासी लाल्हापुर गोला, चुन्नू निवासी रायपुर थाना सेहरामऊ उत्तरी जिला पीलीभीत बताया।
बदमाशों के पास से दो 315, दो 12बोर तमंचा मय जिंदा और खोखा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ करने पर गिरोह के सरगना शीबू ने 18 जनवरी को रजागंज के पास लूटी गई प्लेटिना बाइक, 5200 रुपया और कोनैठिया के पास से 27 जनवरी को लूटी गई बाइक सहित चार अन्य जगहों से लूट और चोरी की बाइक बरामद कीं।
इरफान पर लखनऊ के कृष्णानगर में तीन और गोमतीनगर में एक और मंजेश मौर्या पर गोला कोतवाली में एक और फूलबेहड़ थाना में दो आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। सीओ अवनीश्वरचंद श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस टीम को एसपी ने ढाई हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। फरार आरोपी मारूख निवासी केशरपुर थाना सेहरामऊ उत्तरी पीलीभीत, शिवांश और अफरोज निवासी मुन्नूगंज गोला की तलाश में दविश दी जा रही हैं।