ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच दबकर हुई मौत
24 वर्षीय वंसराज जिस ट्रैक्टर ट्रॉली पर बैठकर धान बेचने जा रहा था, वही ट्रैक्टर-ट्रॉली उसका काल बन गई। हादसा सड़क किनारे खड़े दूसरे टैक्टर-ट्रॉली में उसकी ट्रॉली के टकराने से हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र के गांव आजमगढ़पुरवा कारीकोट निवासी शोभन यादव का 24 वर्षीय पुत्र वंसराज रविवार तड़के ट्रैक्टर-ट्रॉली से लखीमपुर मंडी धान बेचने आ रहा था। वह ट्रॉली में धान की भरी बोरियों के चट्टे पर बैठा था, जबकि उसका साथी ट्रैक्टर चला रहा था। इस बीच बेलपुरवा-कोठिया गांव के पास कोहरे के बीच सड़क किनारे खड़े एक अन्य ट्रैक्टर ट्रॉली से इनका ट्रैक्टर टकरा गया। तेज झटके के साथ वंसराज उछलकर अपने ही ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच फंसकर दब गया। जब तक चालक ट्रैक्टर को नियंत्रित करता तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे शारदा नगर चौकी इंचार्ज अरविंद राय ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।