छोटी काशी के श्री हनुमान मंदिर और हरिहर बाबा मंदिर में चोरों ने गेट के ताले तोड़कर दानपात्र और नकदी पर हाथ साफ कर दिया है। सावन आने के पहले ही बीते साल की भांति यहां के मंदिर फिर चोरों के निशाने पर हैं।
सब्जी मंडी के निकट हरिहर बाबा स्थान के श्री दुर्गा मंदिर में शनिवार की रात चोरों ने गेट का ताला तोड़कर दान पात्र में रखी नकदी चोरी कर ली है, सुबह जब मंदिर के पुजारी रामसेवक दीक्षित पूजा करने के लिए मंदिर पहुंचे तो घटना का पता चला। पूर्वी दीक्षिताना में श्रीरामलीला मंदिर भवन से सटे श्री हनुमान मंदिर में भी रात चोरों ने गेट का ताला तोड़कर दानपात्र गायब कर दिया। पुजारी श्याम नरायन पांडे जब सुबह मंदिर पहुंचे तो चोरी का पता चला। दोनों मंदिरों में चोरी की सूचना पुलिस को दे दी गई है। बीते साल प्राचीन शिव मंदिर के समीप कई मंदिरों एवं प्राचीन भूतनाथ मंदिर में चोरों ने ताले तोड़कर दानपात्र घंटा आदि चुरा लिया था। जिसका पुलिस अब तक सुराग नहीं लगा सकी है।