त्रिलोकपुर में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर कुछ लोगों ने कुल्हाड़ी से वार कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। जख्मी युवक को परिवार वाले थाने ले गए। वहां पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर युवक को सीएचसी भेज दिया।
चौकी क्षेत्र के त्रिलोकपुर निवासी मुन्नालाल और उसके पड़ोसी में काफी समय से किसी बात को लेकर रंजिश चल रही है। मुन्ना का 25 वर्षीय पुत्र विनोद राजस्थान से काम करके सोमवार सुबह घर आया था। वह दोपहर बाद दो वर्ष के बच्चे को गोद में लेकर रहमतुल्लाह के घर पैसा देने गया था आरोप है कि तभी पड़ोसी और उसकी पत्नी ने उसको पकड़ कर लाठी-डंडों से पीटा और फिर कुल्हाड़ी से सर पर वार कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी विनोद को पलिया थाने लाया गया। जहां पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर जख्मी को अस्पताल भेज दिया। घरवालों का आरोप है कि पुलिस ने मामूली धाराओं में मामला दर्ज किया है।