मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के गांव बंजरिया झाला निवासी सिख फार्मर जोगेन्द्र सिंह के 17 वर्षीय बेटे गुरुविंदर सिंह का स्कूल से सुनियोजित तरीके से हुए अपहरण के बाद तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका। बुधवार को क्षेत्रीय लोग मामले का खुलासा न होने पर रोष जताते हुए रेहरिया पुलिस चौकी पहुंचे और लापता छात्र का पता लगाने की बाबत पुलिसिया कार्रवाई बताने का कहा। सूचना पर मोहम्मदी प्रभारी कोतवाल आनंद कुमार शाही भी पहुंच गए, उन्होंने नाराज लोगों को समझाया और मामले का जल्द खुलासे का आश्वासन दिया।
17 अगस्त को मूड़ा गालिब स्थित सेंट सोल्जर पब्लिक स्कूल के कक्षा 11 के छात्र गुरुविंदर सिंह का अपहरण कर लिया गया था। अपहरणकर्ताओं ने पहले रेकी की थी। मसलन छात्र के घर जाकर उसके पिता को फसल का मुआवजा दिलाने का भरोसा देकर जानकारी और अभिलेख ले लिए। छात्र को अपहृत करने के लिए स्कूल के प्रधानाचार्य को फोन कर न सिर्फ छुट्टी दिलाई, बल्कि स्कूल से घर जाते समय सफेद बुलेरो से अपहृत कर लिया। छात्र का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लगा तो बुधवार को भाजपा नेता लोकेंद्र प्रताप सिंह के साथ गांव के सुखविन्दर सिंह, निर्मल सिंह, बलवीर सिंह, शिवमोहन, महेन्द्र सिंह, रामभरोसे वर्मा, लखवीर सिंह, ब्रजेश गुप्ता, मूडा गालिब के भजन सिंह, दुर्गेश मिश्रा आदि चौकी पर पहुंच गए और छात्र का पता लगाने में की गई कार्रवाई के बाबत जानकारी मांगी। इस पर प्रभारी कोतवाल मोहम्मदी आनंद शाही ने मौके पर पहुंचकर भरोसा दिलाया कि पुलिस लगी है जल्द ही छात्र का पता लगा लिया जाएगा। इस पर गांव वाले लौट गए।
नैनीताल गई टीम हुई बैरंग
छात्र की लोकेशन सर्विलांस पर नैनीताल में मिलने के बाद पुलिस टीम रवाना हुई थी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिलने पर लौट आई।