क्षेत्र के गांव ढखेरवा खालसा निवासी एक व्यक्ति को दूसरी शादी कराने का झांसा देकर कुछ लोगों ने बांध दिया। बाद में उसकी पिटाई कर उसके पास मौजूद 24 हजार रुपये भी लूट लिए। गांव ढखेरवा खालसा निवासी रतीराम के चार बच्चे हैं। उसकी पत्नी की मौत करीब चार साल पहले हो गई थी। उसके छोटे भाई शिवकुमार की पत्नी भी नहीं हैं। घर में काम की समस्या होने के कारण वह दूसरी शादी करना चाहता था। किसी व्यक्ति के माध्यम से सोठियाना गांव के कुछ लोगों से मिला। रतीराम के घर उक्त लोग आए और सोठियाना में एक महिला होने की बात कही। उक्त लोगों ने बताया कि वह महिला शादी करने की एवज में 50 हजार रुपये लेगी। रतीराम का इंदिरा आवास मंजूर हुआ था। उसकी पहली किस्त 24 हजार रुपये आई थी। रतीराम उन लोगों के झांसे में आ गया और रुपये लेकर सोठियाना पहुंचा। वहां पर पहुंचते ही उसे एक गन्ने के खेत में बांधने के बाद उक्त लोगों ने पहले उसे पीटा और बाद में उससे रुपये छीन लिए। किसी तरह से वह बंधन मुक्त होकर अपने घर पहुंचा। एसओ मनोज सिंह ने बताया कि मामले की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।