- एएसपी-सीओ फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंचे, चार घंटे में पाया काबू
- गोदाम मालिक का रंजिशन आग लगाने का आरोप
शहर से सटी राजापुर पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थित सेठिया पशु आहार के गोदाम में रविवार की आधी रात के बाद अचानक आग लग गई। सुबह सूचना मिलने पर सीओ सिटी निर्मल कुमार बिष्ट फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन से दीवारों को तोड़कर दमकल विभाग की छह गाड़ियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। पुलिस आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बता रही है, जबकि गोदाम मालिक ने रंजिशन आग लगाने की आशंका जताई है। इस अग्निकांड में करीब 35 लाख रुपये की क्षति का अनुमान है।
राजापुर पुलिस चौकी क्षेत्र में बस्ती हाईवे पर स्थित हनुमान मंदिर के पास सेठिया पुष्टाहार गोदाम है। गोदाम मालिक विजय मिश्रा ने बताया कि वह रविवार की रात गोदाम पर ही रुके थे। सुबह करीब 5:30 बजे उठे तो देखा कि दीवारों में बने होल से धुआं उठ रहा है। यह देख उनके होश उड़ गए। जब नजदीक जाकर देखा तो आग धधक रही थी। उन्होंने आग लगने की सूचना पुलिस को दी। जिस पर एएसपी दीपेेंद्र नाथ चौधरी, सीओ सिटी निर्मल कुमार बिष्ट दमकल की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। आग इतनी भीषण थी कि गोदाम के ऊपर पड़ी लोहे की टिन तक गल गई। आग का रूप विकराल होने पर छह फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान जेसीबी से दीवारें गिराकर दमकल विभाग ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में मुर्गी दाना, पालेसर समेत वहां रखा पशुओं का सारा आहार जलकर नष्ट हो गया। इस अग्निकांड में करीब 35 लाख रुपये की क्षति होने का अनुमान है। सीओ सिटी निर्मल कुमार बिष्ट ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग बिजली तारों में हुए शार्ट सर्किट से होने की बात सामने आई है। उधर गोदाम मालिक ने आशंका जताई है कि किसी ने पिछली दीवार में बने होल से गोदाम में आग लगा दी। उन्होंने अज्ञात के खिलाफ आग लगाने की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। सदर कोतवाल ने बताया कि पुलिस को अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
जूते-चप्पल के गोदाम में लगी आग
लखीमपुर खीरी। शहर के मोहल्ला नईबस्ती में जूते चप्पल के एक गोदाम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मोहल्ले के लोगों ने तुरंत फायर बिग्रेड को सूचना दी। इस बीच आसपास के लोग भी आग बुझाने का प्रयास करते रहे। फायर ब्रिगेड ने जल्दी ही आग पर काबू पा लिया।
शहर के मोहल्ला नईबस्ती में सलीम जावेद अहमद की शान फुटवियर नाम से जूते चप्पल की दुकान है। दुकान से कुछ ही दूरी पर उनका गोदाम है। सोमवार दोपहर उसमें अचानक आग लग गई। छत पर रखे हुए गत्ते धू-धूू कर जलने लगे। आग की लपटें उठती देख मोहल्ले के मनोज माथुर ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। बताते हैं कि गोदाम के ऊपरी हिस्से में रखे गत्तों पर किसी ने बीड़ी पीकर फेंक दी जिससे आग भड़क उठी। समय पर आग पर काबू पा लेने से खास नुकसान नहीं हुआ है।
कूड़े के ढेर में लगी आग, अफरातफरी
मझगईं। कस्बे में दोपहर बार साढ़े तीन बजे अब्दुल हुसैन के घर के पीछे तेज लपटें और धुआं उठता देख लोग भागे तो देखा तो कूड़े का ढेर जल रहा था। लोगों ने किसी तरह पानी डालकर आग को बुझा दिया। सही समय पर आग पर काबू न पाया गया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
खोखे में हजारों का सामान जला
लखीमपुर खीरी। मोहल्ला बरखेरवा निवासी बरखा कश्यप के खोखे में आग लगने से उसमें रखा परचून का हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पीड़िता ने मोहल्ले के ही एक व्यक्ति पर रंजिशन खोखे में आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला बरखेरवा निवासी बरखा कश्यप ने बताया कि उसके पति बाहर रहते हैं। वह बरखेरवा नहर पर खोखा रखकर परचून का सामान बेचकर परिवार का पालन-पोषण करती है। दो दिन पहले उसके पुत्र और मोहल्ले के ही राम सिंह के पुत्र के बीच में विवाद हो गया था, जिस पर राम सिंह के उसके पुत्र की पिटाई कर दी थी। तहरीर देने पर पुलिस आरोपी एलआरपी चौकी ले आई। बाद में आरोपी के गलती मान लेने पर उसने समझौता कर लिया था। आरोप है कि समझौते के बाद आरोपी ने उसे देख लेने और खोखे में आग लगाने की धमकी दी थी। रविवार की रात उसके खोखे में आरोपी ने आग लगा दी, जिससे उसका सारा सामान जलकर राख हो गया। सदर कोतवाल दीपक शुक्ल ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में मामला सही मिलने पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।