अवैध कटान के खिलाफ पर्यावरण दिवस पर जागी पुलिस, रिपोर्ट दर्ज
लकड़कट्टों के कहर से हरियाली सिमटती जा रही है। पर्यावरण दिवस के मौके पर फरधान पुलिस ने लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्राली और लकड़कट्टे को पकड़ा है। पुलिस ने लकड़ी को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
लकड़ी कटान की शिकायतें इस जिले में पुरानी हैं, लेकिन पर्यावरण दिवस पर फरधान पुलिस ने अवैध कटान का मामला पकड़ा हैं। लकड़कट्टे सहित लकड़ी भरी ट्राली को कब्जे में लेकर पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ वन्य संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एसओ तपेश्वर सागर ने बताया रविवार को सूचना मिली की बहेरवा गांव में अवैध कटान किया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बड़हल की लकड़ी लदी ट्राली-ट्रैक्टर सहित एक लकड़कट्टे को धर दबोचा। पकड़ा गया लकड़कट्टा थाना फूलबेहड़ के गांव कुसमौरी निवासी राजेंद्र प्रसाद है, जबकि उसके कुछ अन्य साथी भागने में सफल रहे। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को थाने पर खड़ा कर लिया है।