पुलिस चौकी से कुछ ही मीटर दूर बदमाशों ने असलहे के बल पर एक ग्रामीण से 25 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। भुक्तभोगी की सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया।
सदर कोतवाली के सिंगारपुर निवासी साठ वर्षीय मंगूलाल ने पुलिस को बताया कि सोमवार को कस्बे की इलाहाबाद बैंक से पचीस हजार रुपये खाते से निकाले थे। रुपये लेकर वह पैदल ही घर जा रहे थे। इस बीच गांव के रास्ते पर पुलिया के निकट पहुंचते ही बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे असलहा दिखाकर रोक लिया। जान से मारने की धमकी देकर रुपये छीनने लगे। वृद्ध का कहना है कि शोर मचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने कनपटी पर असलहा लगा दिया। सरेराह वृद्ध से कहासुनी देख एक राहगीर भी वहां जा पहुंचा। बदमाशों ने उसे भी गन प्वाइंट पर ले लिया और रुपये लूटकर फरार हो गए। सूचना पर चंद कदम की दूरी पर स्थित पुलिस चौकी के सिपाही मौके पर पहुंचे। चौकी इंचार्ज शिवानंद पटेल ने बताया कि मामला संज्ञान में है। बदमाशों को ट्रेस किया जा रहा है।